Bihar News: बिहार के भोजपुर जिले में आपसी विवाद के बाद एक पक्ष ने कथित रूप से ’स्कॉर्पियो’ गाड़ी दूसरे पक्ष पर चढ़ा दी जिससे दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार रविवार रात बिहिया थानाक्षेत्र के रामडिहरा गांव यह वारदात हुई जिसमें कमलेश यादव और दिनेश यादव की जान चली गयी।
क्या है पूरा मामला?
जगदीशपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) रवि कुमार ने बताया, ’’रविवार रात करीब नौ -10 बजे रामडिहरा गांव में सूर्य मंदिर के पास कुछ लोग अपने ट्रकों की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर वहां पहुंचे। किसी आपसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और फिर मारपीट होने लगी। इसके बाद रितेश यादव एवं धर्मेंद्र यादव ने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी पीछे की ओर आठ लोगों के समूह पर चढ़ा दिया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस को सोमवार तड़के करीब एक बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीपीओ ने कहा कि गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
सीएम ने जताया दुख
इस घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा अधिकारियों को मृतकों के आश्रितों को तत्काल चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। चौधरी ने ’एक्स’ पर पोस्ट किया, ’’इस घटना में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
