स्मार्टफोन (Smartphone) को कुछ साल इस्तेमाल करने के बाद बहुत से लोग नया फोन खरीदने की योजना बनाते हैं। ऐसे में पुराने फोन को बेचकर कुछ पैसे वापस मिल जाएं तो नए फोन का बजट बन जाता है। हालांकि, पुराना फोन किसी दूसरे व्यक्ति को सौंपने से पहले उसकी निजी जानकारी और डेटा की सुरक्षा करना बेहद जरूरी है। ज्यादातर यूजर्स को लगता है कि फोन को फैक्ट्री रीसेट (Factory Reset) करने से उनका सारा डेटा डिलीट हो जाता है। लेकिन केवल इतना करना काफी नहीं है। फैक्ट्री रीसेट से पहले भी कुछ जरूरी काम करने चाहिए-
जरूरी डेटा का बैकअप लें
फोन रीसेट करने से पहले अपनी फोटो, वीडियो, कॉन्टैक्ट्स, डॉक्यूमेंट्स और जरूरी फाइल का बैकअप जरूर लें। इसके लिए Google Drive, Google Photos, iCloud या कंप्यूटर की मदद ले सकते हैं। ध्यान रखें कि WhatsApp चैट का बैकअप अलग से लेना पड़ सकता है। ऐसा न करने पर आपकी पुरानी बातचीत और जरूरी फाइलें हमेशा के लिए खो सकती हैं।
बैंकिंग और पेमेंट ऐप्स से लॉगआउट करें
फोन में Google Pay, PhonePe, Paytm और बैंकिंग ऐप्स जैसी कई संवेदनशील जानकारियां मौजूद होती हैं। फैक्ट्री रीसेट से पहले इन ऐप्स से लॉगआउट करें और जरूरत के मुताबिक डिवाइस को अकाउंट से हटाएं। UPI से जुड़े डिवाइस की जानकारी भी जांच लें।
Google और Apple अकाउंट हटाएं
एंड्रॉयड फोन में Google अकाउंट और आईफोन में Apple Account को हटाना न भूलें। खासकर आईफोन में Find My और Activation Lock को बंद करना जरूरी है। एंड्रॉयड में Google अकाउंट हटाने से Factory Reset Protection (FRP) की समस्या से बचने में मदद मिलती है।
SIM और मेमोरी कार्ड निकालें
यह एक छोटी सी बात है, जिसे कई यूजर्स भूल जाते हैं। फोन बेचने से पहले फिजिकल SIM और माइक्रोएसडी कार्ड निकाल लें। अगर फोन में eSIM है तो उसे भी हटाने की प्रक्रिया पूरी करें।
सोशल मीडिया और ईमेल अकाउंट चेक करें
Gmail, Instagram, Facebook और अन्य सोशल मीडिया ऐप्स में लॉगइन सेशन चेक करें। जरूरत पड़ने पर पुराने फोन को अकाउंट की डिवाइस लिस्ट से हटा दें। इससे आपकी निजी जानकारी सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
ऑथेंटिकेटर ऐप और पासवर्ड का ध्यान रखें
अगर आप Google Authenticator या किसी अन्य टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन ऐप का इस्तेमाल करते हैं, तो पहले उसके अकाउंट नए फोन में ट्रांसफर करें। पासवर्ड मैनेजर का बैकअप भी सुनिश्चित करें।
स्मार्टवॉच और अन्य डिवाइस अनपेयर करें
फोन से कनेक्ट स्मार्टवॉच, ईयरबड्स और अन्य ब्लूटूथ डिवाइस को अनपेयर कर दें। इसके बाद ही फैक्ट्री रीसेट करें।
