ऑटो न्यूज़

Tata Sierra पर नवंबर में होगी 1.15 लाख तक की बचत, जानिए क्या है ऑफर

अगर आप भी एक नई टाटा कार खरीदने का मन बना रहे हैं तो ये जानकारी आपके काम की होगी। आप इस महीने Tata Sierra को घर ला सकते हैं।

Image

Tata Sierra पर होगी तगड़ी बचत

अगर आप इस महीने नई टाटा कार (Tata Car) खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने नवंबर 2026 के लिए अपनी कई पेट्रोल और डीजल कारों पर आकर्षक डिस्काउंट और बेनिफिट्स पेश किए हैं। इनमें कंपनी की मिडसाइज SUV Tata Sierra से लेकर Nexon, Curvv, Altroz, Harrier और Safari जैसी कारें शामिल हैं। खास बात यह है कि सिएरा पर ग्राहकों को अधिकतम 1.15 लाख रुपये तक का फायदा मिल सकता है। हालांकि, यह डिस्काउंट कार के मॉडल, इंजन और वेरिएंट पर निर्भर करेगा।

Tata Sierra पर 1.15 लाख रुपये तक की बचत

टाटा सिएरा के डीजल वर्जन पर सबसे ज्यादा बचत की जा सकती है। इसके Accomplished वेरिएंट पर 1.15 लाख रुपये तक के बेनिफिट्स दिए जा रहे हैं। वहीं, Pure और Adventure वेरिएंट पर 95,000 रुपये तक और बेस Smart+ वेरिएंट पर 70,000 रुपये तक की बचत की जा सकती है। पेट्रोल वर्जन की बात करें तो Legend और Dark Edition को छोड़कर बाकी वेरिएंट पर 70,000 रुपये तक का फायदा मिल रहा है। Legend और Dark Edition पर 45,000 रुपये तक के बेनिफिट्स उपलब्ध हैं। इस SUV की एक्स-शोरूम कीमत 11.49 लाख से 21.59 लाख रुपये के बीच है।

Nexon और Curvv पर भी शानदार ऑफर

टाटा की लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUV Nexon के कुछ पेट्रोल मैनुअल वेरिएंट पर 75,000 रुपये तक के बेनिफिट्स मिल रहे हैं। इसमें 55,000 रुपये का कैश डिस्काउंट और 20,000 रुपये तक का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस शामिल है। वहीं दूसरे पेट्रोल वेरिएंट पर 55,000 रुपये तक और CNG मॉडल पर 60,000 रुपये तक का फायदा मिल सकता है। डीजल वर्जन पर 20,000 रुपये तक का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस दिया जा रहा है।

वहीं, Tata Curvv के सितंबर 2026 में हुए Series X बदलाव से पहले वाले सभी वेरिएंट पर 1.25 लाख रुपये तक के बेनिफिट्स मिल रहे हैं। इसमें 30,000 रुपये का कैश डिस्काउंट, 45,000 रुपये तक का स्क्रैपेज बोनस और 50,000 रुपये का लॉयल्टी ऑफर शामिल है। Series X वेरिएंट पर 20,000 रुपये का लॉयल्टी बेनिफिट दिया जा रहा है।

Altroz, Harrier और Safari पर कितनी बचत?

टाटा Altroz के पेट्रोल और डीजल वैरिएंट पर 35,000 रुपये तक का फायदा मिल रहा है। CNG मॉडल पर यह बढ़कर 55,000 रुपये तक है। Harrier और Safari के डीजल वैरिएंट पर 45,000 रुपये तक के बेनिफिट्स उपलब्ध हैं। हालांकि, इनके टर्बो-पेट्रोल वैरिएंट पर कोई ऑफर नहीं है।

इसके अलावा, पुराने स्टॉक वाली Tiago पर 35,000 रुपये और Tigor पर 30,000 रुपये तक की बचत की जा सकती है।

खरीदने से पहले जरूर करें जांच

हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि ये सभी अधिकतम बेनिफिट्स हैं, सीधे कैश डिस्काउंट नहीं है। इसके अलावा, ऑफर शहर, डीलर और उपलब्ध स्टॉक के अनुसार बदल सकते हैं। इसलिए कार बुक करने से पहले नजदीकी टाटा डीलरशिप से सभी ऑफर्स की जानकारी और फाइनल ऑन-रोड कीमत जरूर पता कर लें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article