Jensen Huang Honey Trap Case: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों में शामिल एनवीडिया (Nvidia) के सीईओ जेनसन हुआंग इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपनी पत्नी लॉरी हुआंग से बेवफाई करने की बात स्वीकार की है। कंपनी के कर्मचारियों को भेजे गए एक संदेश में हुआंग ने अपनी गलती के लिए परिवार और सहकर्मियों से माफी मांगी। इस खुलासे के बाद उनकी पत्नी लॉरी हुआंग भी सुर्खियों में आ गई हैं। दोनों की शादी को 40 साल से ज्यादा हो चुके हैं।
जेनसन हुआंग ने क्या कहा?
जेनसन हुआंग ने एनवीडिया के कर्मचारियों को भेजे संदेश में स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे। उन्होंने लिखा कि उनके इस कदम से पत्नी और बच्चों को दुख पहुंचा है और उनके पास अपनी गलती का कोई बहाना नहीं है। उन्होंने अपने किए की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए परिवार से माफी मांगी।
हुआंग ने यह भी कहा कि उनका परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहा, लेकिन उन्होंने अपने परिवार के भरोसे को चोट पहुंचाई। उन्होंने उम्मीद जताई कि समय के साथ परिवार के रिश्ते फिर से बेहतर हो सकेंगे और वह दोबारा उनका विश्वास जीत पाएंगे।
कौन हैं लॉरी हुआंग?
लॉरी हुआंग का नाम पहले लॉरी मिल्स था। उनकी मुलाकात जेनसन हुआंग से 1980 के दशक की शुरुआत में ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी में हुई थी। उस समय दोनों इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। जेनसन 17 साल के थे और लॉरी 19 साल की थीं। दोनों की दोस्ती कॉलेज के दौरान शुरू हुई और साल 1985 में उन्होंने शादी कर ली।
लॉरी ने भी इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने शुरुआती दौर में Hewlett-Packard (HP) में माइक्रोचिप डिजाइनर के तौर पर काम किया था। बाद में उन्होंने कॉर्पोरेट काम से दूरी बनाकर परिवार और सामाजिक कार्यों पर ध्यान दिया।
परिवार में कौन-कौन है?
जेनसन और लॉरी के दो बच्चे हैं- बेटी मैडिसन हुआंग और बेटा स्पेंसर हुआंग। दोनों ही एनवीडिया से जुड़े हुए हैं।
- मैडिसन हुआंग: एनवीडिया में सीनियर डायरेक्टर के पद पर काम करती हैं और कंपनी के फिजिकल AI प्लेटफॉर्म से जुड़े प्रोडक्ट और टेक्निकल मार्केटिंग की जिम्मेदारी संभालती हैं।
- स्पेंसर हुआंग: एनवीडिया के रोबोटिक्स और सिमुलेशन से जुड़े प्रोडक्ट मैनेजमेंट का काम देखते हैं।
जेनसन और लॉरी ने साल 2007 में ‘जेन-सुन और लॉरी हुआंग फाउंडेशन’ की स्थापना भी की थी। यह फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी रिसर्च के क्षेत्र में सहयोग करता है।
चीनी महिला से संबंधों को लेकर भी जांच
जेनसन हुआंग का यह कबूलनामा ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में उनका नाम एलिस हुआंग नाम की एक चीनी महिला के साथ जोड़ा गया है। एलिस हुआंग सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी रही हैं। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को कथित तौर पर संदेह है कि उनका इस्तेमाल चीन के लिए जानकारी जुटाने और Nvidia की एडवांस एआई चिप्स तक पहुंच बनाने के प्रयास में किया गया।
हालांकि, ये आरोप अभी जांच के दायरे में हैं। एनवीडिया के बोर्ड ने इस पूरे मामले की स्वतंत्र जांच शुरू की है। कंपनी ने कहा है कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई कारण नहीं है जिससे यह माना जाए कि अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया के कारोबारी रहस्य से जुड़ी जानकारी से समझौता हुआ है। जेनसन हुआंग ने भी जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है।
एनवीडिया के सीईओ बने रहेंगे जेनसन हुआंग
इस विवाद के बीच एनवीडिया ने स्पष्ट किया है कि जेनसन हुआंग कंपनी के CEO के तौर पर काम जारी रखेंगे। कंपनी के मुताबिक, इस मामले से उनके नेतृत्व में कोई तत्काल बदलाव नहीं होगा। फिलहाल जांच का फोकस विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े आरोपों और उनसे संबंधित तथ्यों पर है।
