दिल्ली

Delhi News: जलजमाव से जाम में फंसी दिल्ली, कश्मीरी गेट से कालिंदी कुंज तक पानी-पानी; सड़कों पर रेंगते नजर आए वाहन

Delhi Traffic Jam: दिल्ली में यमुना नदी के बढ़े जलस्तर और जलभराव के कारण कश्मीरी गेट, रिंग रोड, आउटर रिंग रोड और कालिंदी कुंज समेत कई इलाकों में गुरुवार को भारी जाम लग गया। जिसके चलते यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट किया। साथ ही यात्रियों को मेट्रो इस्तेमाल करने की भी सलाह दी।

Image

दिल्ली में जलजमाव के कारण भारी ट्रैफिक (PTI)

Photo : PTI

Delhi News: दिल्ली में कई जगहों पर यमुना नदी में आई बाढ़ का पानी भर जाने के कारण गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में भारी जाम लग गया। जिससे कश्मीरी गेट, रिंग रोड, आउटर रिंग रोड और कालिंदी कुंज इलाके सहित कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई। अचानक हुए जलजमाव ने सुबह के व्यस्त समय में यातायात को बाधित कर दिया, जिससे यात्री घंटों तक फंसे रहे। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर भारी यातायात की जानकारी देते हुए कहा कि दो किलोमीटर जैसी छोटी दूरी तय करने में भी घंटों लग रहे हैं। कई लोगों ने कहा कि उन्हें समय पर दफ्तर पहुंचने के लिए अपने वाहन घर पर छोड़कर दिल्ली मेट्रो का सहारा लेना पड़ा।

दिल्ली के प्रमुख रास्ते जलमग्न

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, यातायात पुलिस ने बताया कि यमुना नदी के आसपास के इलाकों में भारी जाम की सूचना मिली है और कई जगहें जलमग्न हो गई हैं। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘कश्मीरी गेट, रिंग रोड और आउटर रिंग रोड पर और कालिंदी कुंज के आसपास बाढ़ का पानी सड़कों पर आ गया है, वहां यातायात जाम देखा गया। आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए मार्ग परिवर्तन करना पड़ा।’’ स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली यातायात पुलिस ने यात्रियों के लिए एक परामर्श जारी किया, जिसमें विशेष रूप से चंदगी राम अखाड़ा से राजघाट की ओर जाने वाले लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने का आग्रह किया गया।

जाम से बचने के लिए इन रास्तों का करें इस्तेमाल

परामर्श के अनुसार, वाहनों को सिग्नेचर ब्रिज से गुजरने, फिर राजघाट और अन्य गंतव्यों की ओर जाने से पहले पुश्ता रोड और राजा राम कोहली मार्ग से जाने को कहा गया है। एक वरिष्ठ यातायात पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘यह व्यवस्था वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने और भीड़भाड़ से बचने के लिए की गई है।’’ अधिकारियों ने यात्रियों से ऐसे जलमग्न हिस्सों से पूरी तरह बचने और इसके बजाय दिल्ली मेट्रो का उपयोग करने का आग्रह किया, जो अप्रभावित रही।

इस बीच, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने इस जलजमाव का कारण यमुना से आने वाले ताजा पानी के बजाय रिसाव की समस्या को बताया। एक पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने दावा किया, ‘‘यह सिर्फ बारिश का पानी है जो इलाके में रिसाव प्रबंधन की खराब स्थिति के कारण हो रहा है। यमुना का निकास बंद होने के कारण इस पानी को निकालने में सामान्य से ज्यादा समय लग रहा है।’’ निवासियों और यात्रियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किए हैं जिनमें यमुना का पानी मजनूं का टीला से चंदगी राम अखाड़ा होते हुए निगम बोध घाट तक मुद्रिका मार्ग (रिंग रोड) पर सड़क पर बहता नजर आ रहा है।

वाहनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक!

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक यात्री ने लिखा, ‘‘जलजमाव के कारण यातायात ठप हो गया है। हम एक घंटे से अधिक समय से कछुए की चाल से चल रहे हैं।’’ कश्मीरी गेट के पास एक मोटर वाहन चालक ने कहा, ‘‘मैं एक छोटा सा रास्ता पार करने के लिए लगभग दो घंटे तक फंसा रहा। पुलिस यातायात का मार्ग परिवर्तित कर रही है, लेकिन कोई स्पष्टता नहीं है। आखिरकार, मैंने अपनी कार पार्क की और मेट्रो में सवार हो गया।’’

कालिंदी कुंज में जलजमाव

कालिंदी कुंज क्षेत्र में एक अन्य यात्री ने बताया कि जलजमाव के कारण सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है, जिससे सभी वाहन एक ही लेन पर आ गए हैं और जाम की स्थिति और बिगड़ गई है। यातायात जाम का असर आस-पास के इलाकों पर भी पड़ा है, जहां वजीराबाद, आईएसबीटी (अंतरराज्यीय बस टर्मिनल), सराय काले खां और आश्रम की ओर जाने वाले रास्तों पर लंबी दूरी तक जाम की स्थिति देखी गई। फिलहाल, यातायात पुलिस ने यात्रियों से कहा है कि वे घर से बाहर निकलने से पहले आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर ‘रीयल टाइम अपडेट’ देखते रहें। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘कृपया पुलिस का सहयोग करें और जलजमाव वाले रास्तों से बचें। जहां तक हो सके, मेट्रो सेवाओं का विकल्प चुनें।’’

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article