Delhi Chain Snatching: दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद आर. सुधा की सोने की चेन स्नैचिंग के सनसनीखेज मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। दक्षिणी दिल्ली और नई दिल्ली जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने छीनी गई सोने की चेन, अपराध में इस्तेमाल स्कूटी और आरोपी के कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी का नाम सोहन रावत उर्फ सोनू उर्फ बुग्गू (24 वर्ष) है, जो ओखला के हरकेश नगर का रहने वाला है। वह एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत 26 मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में 27 जून को जेल से रिहा हुआ था।
पुलिस ने की सैकड़ों CCTV फुटेज की जांच
न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार घटना नई दिल्ली के एक पॉश इलाके में हुई थी। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच की और आरोपी के पूरे रास्ते को ट्रैक किया। स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी की मदद से दक्षिणी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने आरोपी को धर दबोचा। इंस्पेक्टर उमेश यादव के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई की, जिसमें सब-इंस्पेक्टर नवदीप, हेड कांस्टेबल कमल प्रकाश, बृजेश, अरविंद, कृष्ण कुमार और कांस्टेबल काना राम, देवेंद्र व अरविंद शामिल थे।
आरोपी के पास से बरामद हुआ सामान
पुलिस ने 30.90 ग्राम की सोने की चेन, अपराध में इस्तेमाल चोरी की सुजुकी एक्सेस स्कूटी, चार संदिग्ध चोरी के मोबाइल फोन, निज़ामुद्दीन से चोरी हुई एक अन्य स्कूटी और वारदात के समय पहने गए कपड़े, हेलमेट व चप्पल बरामद किए। पुलिस अब आरोपी से हाल की अन्य चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं के बारे में पूछताछ कर रही है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड देखते हुए पुलिस का मानना है कि वह कई अन्य वारदातों में भी शामिल हो सकता है। दक्षिणी जिला पुलिस की इस तेज कार्रवाई की सराहना हो रही है। एक हाई-प्रोफाइल मामले को इतनी जल्दी सुलझाने के लिए एएटीएस की मेहनत और तकनीकी दक्षता को श्रेय दिया जा रहा है।
(इनपुट - IANS)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
