साउथ दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस ने हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल, कारतूस और चोरी की एक बाइक बरामद की है। पुलिस ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराते हुए एक वीडियो देखी थी। इस वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
दबदबा बनाने के लिए पिस्तौल लहराता दिखा युवक
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिनगर आश्रम निवासी नौशाद के रूप में हुई है। दक्षिण पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक इंटरनेट मीडिया पर अवैध हथियार लहराकर आतंक फैला रहा है। सूचना मिलने के बाद, पुलिस ने एक टीम बनाई और उसे पकड़ने के लिए कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली कि नौशाद गेट नंबर 7, फैक्ट्री रोड, सफदरजंग अस्पताल के पास बाइक पर घूम रहा है।
तलाशी के दौरान, पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया। जांच में यह भी पता चला कि उसकी बाइक चोरी की थी, जो उसने हौज खास इलाके से चुराई थी। नौशाद ने पूछताछ में बताया कि वह इलाके में दबदबा बनाना चाहता था, इसलिए वह हथियार लहराते हुए वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर डाल रहा था। यह भी ज्ञात हुआ कि नौशाद के खिलाफ पहले से पंजाबी बाग थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब उससे हथियार उपलब्ध करवाने वाले के बारे में पूछताछ कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
