Delhi News: दिल्ली पुलिस ने विजय नगर इलाके में पूर्वोत्तर के दो छात्रों पर चाकू से हमला करने के मामले में एक किशोर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक यह घटना 31 जुलाई को सुबह लगभग चार बजे घटी, जब पीड़ित जेरी और शेफर्ड एक दुकान से पानी खरीद रहे थे। पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पश्चिम) भीष्म सिंह ने बताया, "मोटरसाइकिल सवार चार लोग कथित तौर पर उनके पास आए और झगड़ा शुरू कर दिया। इस दौरान एक आरोपी ने जैरी के पेट में और शेफर्ड को चाकू मार दिया। दोनों को उनके एक दोस्त ने अस्पताल पहुंचाया।" उन्होंने बताया कि पीड़ितों को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों पीड़ित मणिपुर के निवासी हैं और पढ़ाई के लिए दिल्ली में रहे रहे हैं।
मॉडल टाउन थाने में एक मामला दर्ज किया गया और घटना की जांच के लिए एक टीम गठित की गई। टीम ने CCTV फुटेज खंगाली, कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की और अपराधियों की पहचान के लिए स्थानीय सूत्रों को सक्रिय किया। डीसीपी ने बताया, "छापेमारी के बाद आरोपी कृष्णा और कश्यप नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक किशोर को भी पकड़ा गया।आरोपियों का कोई पिछला आपराधिक इतिहास नहीं है।" पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर अपना अपराध कबूल कर लिया। इस घटना में एक और आरोपी शामिल था, पुलिस चौथे आरोपी की पहचान अभी तक नहीं कर पाई है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
(इनपुट-भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
