Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega Delhi NCR Main: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर के अधिकतर इलाके भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहे हैं। बढ़ते तापमान के साथ दिल्ली-एनसीआर लू से भी जूझ रहा है। दोपहर के समय लोग कम से कम बाहर निकल रहे हैं। 12-1 बजे के बाद सड़कें-गलियां सुनसान होने लगी हैं। दिल्ली-एनसीआर में सुबह 8 बजे से ही भीषण गर्मी शुरू हो जाती है। दोपहर के समय आसमान से आग बरसने लगी है। भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 24 से 26 मई तक रेड अलर्ट जारी किया गया है।
हीटवेव और भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को कम से कम घर से बाहर निकलने और अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह दी गई है। घर से बाहर निकलते हुए सिर को कवर करने के लिए कहा गया है। हीटवेव और भीषण गर्मी के कारण अधिकतर अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक आदि के मामले बढ़ते जा रहे हैं। जानकारी के लिए बता दें कि इन शहरों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। साथ ही तापमान और बढ़ने की आशंका है।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम का हाल
बुधवार को पूर्वी हवाओं के बाद दिल्ली के लोगों को कुछ हद तक लू से राहत मिली है। लेकिन आज फिर भीषण गर्मी शुरू हो गई है। अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान भी बढ़ने लगा है। जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, वहीं कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में आने वाले कुछ दिनों में लू और भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान शहर में 20 से 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
कब आएगा मानसून
दिल्ली-एनसीआर की गर्मी से जूझ रहे सभी लोगों का बस एक ही सवाल है, कब राहत की बारिश होगी? कब मानसून आएगा? मौसम विभाग के अनुसार यूपी में मानसून की शुरुआत 18 से 20 जून तक होने की संभावना है। वहीं दिल्ली में भीषण गर्मी से राहत के लिए मानसून का लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में मानसून 2 जुलाई तक पहुंचेगा। साथ ही इस साल मानसून में औसत से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
