दिल्ली

Delhi Metro: भीड़ से बचने के लिए DMRC की नई पहल, बढ़ेगा 32 प्लेटफॉर्मों का साइज; 40 फेरे और लगाएगी मेट्रो

Delhi Metro, DMRC News: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए NCR के 32 मेट्रो स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म विस्तार की योजना बनाई है। इससे पीक ऑवर में भीड़ कम होगी और यात्रा अधिक सुरक्षित व आरामदायक बनेगी। नोएडा और पूर्वी दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर यह काम होगा। DMRC ने इसके लिए 5.71 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है।

Image

32 मेट्रो स्टेशनों के प्लेटफॉर्मों का होगा विस्तार (सांकेतिक तस्वीर)

Delhi Metro News: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राजधानी और NCR के 32 मेट्रो स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म को बढ़ाने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य भीड़भाड़ को कम करना और पीक ऑवर के दौरान यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाना है।

कौन-कौन से स्टेशन होंगे अपग्रेड

समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, DMRC जिन मेट्रो स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म बढ़ाए जाएंगे उनमें नोएडा सेक्टर-15, सेक्टर-16, सेक्टर-18, गोल्फ कोर्स और नोएडा सिटी सेंटर (लाइन-3, ब्लू लाइन) शामिल हैं। इसके अलावा लक्ष्मी नगर, निर्माण विहार और प्रीत विहार (लाइन-4, ब्लू लाइन एक्सटेंशन) समेत कुल 32 स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पर भी यह काम किया जाएगा। DMRC ने इस परियोजना के लिए 5.71 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के साथ टेंडर जारी किया है। निर्माण कार्य की शुरुआत के एक साल के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

क्या होगा यात्रियों को फायदा

DMRC के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी PTI से बातचीत में कहा कि प्लेटफॉर्म विस्तार से ट्रेनों की क्षमता बढ़ाई जा सकेगी और ज्यादा यात्रियों को समायोजित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा, “यह कदम बोर्डिंग और डीबोर्डिंग को आसान बनाएगा, प्लेटफॉर्म पर भीड़भाड़ घटेगी और यात्रा अधिक आरामदायक होगी, खासकर पीक ऑवर में।” इससे न सिर्फ भीड़ कम होगी, बल्कि प्लेटफॉर्म पर धक्का-मुक्की जैसी स्थितियों में कमी आएगी और यात्रियों की सुरक्षा भी बढ़ेगी। यह कदम DMRC के उन निरंतर प्रयासों का हिस्सा है, जिनका उद्देश्य द्वारका-नोएडा और द्वारका-वैशाली जैसे व्यस्त कॉरिडोर पर यात्रा अनुभव को बेहतर बनाना है।

IGI एयरपोर्ट के टर्मिनलों को जोड़ेगा नया मेट्रो स्टेशन

इसी बीच, दिल्ली मेट्रो जल्द ही IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 और टर्मिनल-3 को जोड़ने जा रही है। इसके लिए आगामी गोल्डन लाइन पर एक नया इंटीग्रेटेड मेट्रो स्टेशन बनाया जाएगा, जो एरोसिटी से सीधे टर्मिनल-1 को जोड़ेगा। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के CEO विदेह कुमार जयपुरियार ने बताया कि इस कनेक्शन से एयरपोर्ट के टर्मिनलों के बीच यात्रा तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।

प्रदूषण घटाने के लिए मेट्रो के 40 अतिरिक्त ट्रिप

इसके साथ ही दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए DMRC ने सप्ताह के 5 दिनों में 40 अतिरिक्त मेट्रो ट्रिप चलाने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो से सफर करने के लिए प्रोत्साहित करना है। DMRC के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने बीते बुधवार को सिविल और पर्यावरण विभाग के अधिकारियों के साथ उत्तर दिल्ली के अशोक विहार और डेरावल नगर क्षेत्रों में निर्माणाधीन कृष्णा पार्क एक्सटेंशन–आरके आश्रम मार्ग कॉरिडोर का निरीक्षण किया और धूल नियंत्रण उपायों की समीक्षा की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article