दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में देश के अलग-अलग राज्यों की कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल शुरू की है। इस योजना का मकसद दिल्ली को सांस्कृतिक तौर पर और भी ज्यादा समृद्ध बनाना है। इस नई योजना के तहत, दिल्ली में होने वाले क्षेत्रीय त्योहारों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को ज्यादा मौके दिए जाएंगे। इसके अलावा, दिल्ली के बच्चों को देश के दूसरे राज्यों की भाषाएं सिखाने के लिए खास कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इससे दिल्ली के बच्चे न सिर्फ अपनी संस्कृति बल्कि देश के दूसरे राज्यों की सामाजिक-सांस्कृतिक पहचान से भी वाकिफ हो पाएंगे।
हाल ही में हुई कला, संस्कृति और भाषा विभाग की एक बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्री कपिल मिश्रा और बाकी अधिकारियों के साथ मिलकर इन योजनाओं पर चर्चा की। इस बैठक में तय हुआ कि विभाग महिला कला प्रदर्शनियों, नृत्य और संगीत महोत्सवों, और भक्ति संगीत जैसे कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेगा।
अलग-अलग स्थानों पर होगा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन
इन कार्यक्रमों का आयोजन दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इनका हिस्सा बन सकें। मुख्यमंत्री का मानना है कि दिल्ली में अलग-अलग राज्यों के लोग रहते हैं, इसलिए उन सभी लोगों की संस्कृति को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि दिल्ली के ऐतिहासिक स्मारकों तक लोगों की पहुंच आसान बनाने और उनके बारे में जानकारी देने के लिए भी विशेष उपाय किए जाएँ।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
