दिल्ली

Delhi: CM, मंत्रियों और अधिकारियों की बल्ले-बल्ले, अब सरकारी खर्चे पर महंगे फोन इस्तेमाल करेंगे दिल्ली के नेता

Delhi News: दिल्ली में बीजेपी सरकार ने एक नया नियम लागू किया है। इस नियम के अनुसार, अब दिल्ली की सीएम, मंत्री और अन्य अधिकारी महंगे फोन खरीद सकते हैं। उनके मोबाइल फोन से लेकर रिचार्ज का खर्चा भी सरकार उठाएगी। फोन खराब होने पर यदि उसकी मरम्मत का खर्च फोन की कीमत का 50 प्रतिशत आता है तो वह नया फोन ले सकते हैं।

Image

सरकारी खर्चे पर महंगे फोन इस्तेमाल करेंगे दिल्ली के नेता (फोटो - Canva)

दिल्ली में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के चार महीने बाद एक नया नियम लागू हुआ है, जिसके तहत मुख्यमंत्री, मंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी अब महंगे मोबाइल फोन खरीद सकते हैं और इसका खर्च सरकार उठाएगी। यह पैसा उन्हें रीइम्बर्समेंट के तौर पर वापस मिलेगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री अब 1.5 लाख रुपये तक का मोबाइल फोन खरीद सकते हैं, जिसका पूरा खर्च सरकार देगी। वहीं, मंत्रियों के लिए यह सीमा 1.25 लाख रुपये तय की गई है। यह सुविधा हर दो साल में एक बार ली जा सकती है। अगर किसी का फोन खराब हो जाता है और उसकी मरम्मत का खर्च फोन की कुल कीमत के 50% से ज्यादा आता है, तो नया फोन लेने की भी इजाजत होगी।

2013 के मुकाबले तीन गुना हुई बढ़ोतरी

यह व्यवस्था पहले से चली आ रही थी, लेकिन अब इसमें बड़े बदलाव किए गए हैं। साल 2013 में, मुख्यमंत्री को केवल 50,000 रुपये और मंत्रियों को 45,000 रुपये तक की प्रतिपूर्ति मिलती थी। अब मुख्यमंत्री की सीमा तीन गुना और मंत्रियों की सीमा लगभग 2.8 गुना बढ़ा दी गई है।

इन अधिकारियों को भी मिलेगा फायदा

यह सुविधा केवल मुख्यमंत्री और मंत्रियों तक ही सीमित नहीं है। अब मुख्य सचिव 1 लाख रुपये तक, प्रमुख सचिव 80,000 रुपये, सचिव 75,000 रुपये और विशेष सचिव 60,000 रुपये तक के मोबाइल फोन खरीद पर रीइम्बर्समेंट पा सकेंगे। मंत्रियों के निजी सचिवों के लिए यह सीमा 50,000 रुपये तय की गई है। बता दें कि 2013 में मुख्य सचिव के लिए यह सीमा 40,000 रुपये थी, लेकिन अब इस सीमा को बढ़ा दिया गया है।

मोबाइल बिल और रिचार्ज का खर्च भी उठाएगी सरकार

दिल्ली सरकार के इस नए आदेश के अनुसार, अब मुख्यमंत्री और मंत्रियों को निजी सिम कार्ड नहीं दिए जाएंगे और उनके मोबाइल का मासिक बिल सरकार ही भरेगी। मुख्य सचिव के लिए मासिक मोबाइल और इंटरनेट खर्च की अधिकतम सीमा 6,500 रुपये (टैक्स सहित) तय किया गया है। प्रमुख सचिव के लिए यह सीमा 6,000 रुपये, सचिव के लिए 5,500 रुपये और मंत्रियों के निजी सचिवों (Secretaries) के लिए 5,000 रुपये तय की गई है। पहले 2013 में मुख्यमंत्री के मोबाइल खर्च की अधिकतम सीमा 7,000 रुपये प्रति माह थी, जिसे अब हटाकर अनलिमिटेड कर दिया गया है। यह नई सुविधा दिल्ली सरकार के अधिकारियों और मंत्रियों के लिए कितनी फायदेमंद साबित होगी, यह देखना दिलचस्प होगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!