Kalyan West News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण पश्चिम में दिनदहाड़े हुई 40 लाख रुपये की लूट की वारदात का ठाणे पुलिस की अपराध शाखा ने महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर को दोपहर करीब 1:05 बजे उल्हासनगर की क्रांति फूड एजेंसी के दो कर्मचारी 40 लाख रुपये की नकदी बैंक ऑफ बड़ौदा, कल्याण पश्चिम शाखा में जमा कराने के लिए स्कूटी से जा रहे थे। सहजानंद चौक से लालचौकी की ओर जाते समय दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारकर गिरा दिया। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
वारदात के लिए थी पूरी प्लानिंग
बताया जा रहा है कि स्कूटी गिरते ही आरोपियों ने दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट की और नकदी से भरा बैग जबरन छीन लिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात से पहले रेकी की थी और बैंक के करीब पहुंचते ही सुनियोजित तरीके से हमला किया। वहीं लूट के बाद आरोपी मोटरसाइकिलों से फरार हो गए। घटना के बाद बाजारपेठ पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद अपराध शाखा की टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए तकनीकी जांच (CCTV फुटेज) और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
6 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समीर अख्तर शेख (28), आफताब असलम खान (25), शहानवाज गफार हसन अंसारी (36), सोहेब युनूस शेख (24), मुजाहिद अनवर खान (24) और शाहिद इसाक शेख (19) को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि आरोपियों के पास से लूटी गई रकम में से 36 लाख 48 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। जानकारी के मुताबिक, अदालत में पेश किए जाने के बाद सभी आरोपियों को 22 सितंबर 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
