Bhopal RTO Inspector Murder: राजधानी भोपाल के खजूरी थाना क्षेत्र स्थित लेकपर्ल कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दतिया में पदस्थ 45 वर्षीय आरटीओ (RTO) इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की उनके प्रेमी पवन कुमार द्विवेदी के घर में नृशंस हत्या कर दी गई। सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर हत्या करने के बाद आरोपी पवन ने घर से महज 20 मीटर दूर एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती पुलिस जांच में हत्या और खुदकुशी की वजह शादी को लेकर चल रहा विवाद सामने आई है।
आंगन में किया हमला, फिर घसीटकर अंदर ले गया शव
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह लेकपर्ल कॉलोनी स्थित मकान में आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले का खून से सना शव बरामद हुआ। मीनाक्षी के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे और शव के पास ही खून से सना हथौड़ा पड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि रविवार देर रात घर के आंगन में हथौड़े से सिर पर चार वार कर उनकी हत्या की गई, जिसके बाद शव को घसीटकर कमरे के अंदर ले जाया गया।
दोस्त और 3 साल की बेटी कमरे में सोती रही, बाहर हो गया हत्याकांड
घटनाक्रम के अनुसार, मीनाक्षी रविवार शाम करीब सात बजे अपनी दोस्त कृतिका के साथ पवन के घर पहुंची थीं। रात में कृतिका, मीनाक्षी की तीन साल की बेटी को लेकर अंदर वाले कमरे में सो गई थी। सोमवार सुबह करीब सात बजे जब कृतिका सोकर उठी तो बाहर वाले कमरे में मीनाक्षी का शव पड़ा देखा। कृतिका ने तुरंत खजूरी थाना पुलिस को मामले की सूचना दी।
जांच में पता चला है कि पवन पिछले नौ महीनों से इस मकान में रह रहा था और कॉलोनी के लोगों को मीनाक्षी को अपनी पत्नी व बच्ची को अपनी बेटी बताता था।
इंदौर में हुई थी मुलाकात, शादी से इनकार बना विवाद की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मीनाक्षी और पवन की मुलाकात इंदौर में हुई थी। पवन मूल रूप से सीधी का रहने वाला था और इंदौर में कोचिंग क्लासेस चलाता था, वहीं मीनाक्षी उस दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं। करीब दो साल पहले मीनाक्षी का अपने पति से तलाक हो चुका था।
पवन लगातार मीनाक्षी पर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन दोनों की जाति अलग होने के कारण मीनाक्षी के पिता इस शादी के खिलाफ थे और मीनाक्षी भी इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
हत्या के बाद 20 मीटर दूर फांसी पर झूला आरोपी
मीनाक्षी की हत्या करने के बाद पवन घर से करीब 20 मीटर दूर गया और एक पेड़ पर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। तलाशी के दौरान पुलिस को पवन की जेब से उसकी बैंक पासबुक मिली है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़कर विस्तृत जांच में जुटी है।
