Delhi Budget 2025: दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में आई भाजपा सरकार ने आज दिल्ली का बजट पेश किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए एक लाख करोड़ रुपये बजट पेश किया। जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, बुनियादी ढांचे और प्रदूषण नियंत्रण जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस किया गया। सीएम रेखा गुप्ता ने बजट पेश करने के दौरान कहा कि दिल्ली में पहले इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट का काम होगा। पानी, सड़क और सीवर में सुधार करने के लिए काम किया जाएगा। सड़कों का डेवलपमेंट किया जाएगा। जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली को ग्लोबल इंफ्रास्ट्रक्चर हब बनाने की दिशा में भी ऐतिहासिक कदम उठाया जाएगा।
स्वच्छ पानी के लिए 9000 करोड़ का बजट
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में अब पानी और सीवर की समस्या नहीं होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हर नागरिक को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। इसके लिए हमने 9 हजार करोड़ रुपये का बजट रखा है। यह पुरानी सरकार के मुकाबले 3 गुना ज्यादा है। सीएम ने कहा कि दिल्ली की दैनिक मांग 1290 MGD है। लेकिन हमें करीब 1000 MGD ही मिलता है। इस कमी को हमें पाटना है। उन्होंने कहा कि टैंकर घोटाले से निजात पाने के लिए टैंकरों में जीपीएस लगाया जाएगा। जिससे नागरिक और RWA अपने टैंकर को ट्रैक कर पाएंगे। इसके अलावा पानी की बर्बादी को भी रोका जाएगा। हरियाणा से मुनक नहर पानी लेकर खुले में दिल्ली पहुंचती है, जिसका काफी पानी बर्बाद हो जाता है। जिसे पाइपलाइन में बदला जाएगा। जिससे पानी की चोरी और पानी बर्बाद को रोका जा सके।
साफ यमुना बनेगी दिल्ली की पहचान
यमुना की सफाई को लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि अब दिल्ली की पहचान स्वच्छता और साफ यमुना बनेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने न ही पानी की समस्या सुलझाई और यमुना को भी नाले जैसा बना दिया। सीएम ने कहा कि यमुना नदी की सफाई के लिए हम प्रतिबंध है। यमुना हमारे लिए सिर्फ नदी ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर और हमारी मां है। हमारे मैनिफैस्टो में भी यमुना की सफाई अहम हिस्सा रही है। यमुना को फिर से निर्मल बनाने के लिए हमारी सरकार काम करेगी। इसके लिए 500 करोड़ रुपये की लागत से 40 डीसेंट्रलाइज सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाएगा। जिससे सीवेज के पानी को ट्रीट करने के बाद ही यमुना में छोड़ा जाए। इसके अलावा नजफगढ़ ड्रेन को भी सुधारा जाएगा। इसके लिए 200 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
