Delhi News: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग, टैगोर गार्डन और सुब्रतो पार्क में स्थित कांवड़ शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में कांवड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और कहा कि कांवड़ यात्रा एक धार्मिक पर्व है, इसलिए दिल्ली में आने वाले हर कांवड़ी का सम्मान और स्वागत हमारी प्राथमिकता है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए करीब पांच लाख कांवड़ियों को गंगाजल से भरी डोलची और जूट बैग मुफ्त में वितरित करेगी। यह योजना सोमवार से शुरू होगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कांवड़ सेवा समितियों को मिलने वाली सहायता राशि में बढ़ोतरी की जाएगी, ताकि वे बेहतर ढंग से व्यवस्थाएं कर सकें और कांवड़ियों की यात्रा सुगम और सुरक्षित हो सके। उन्होंने कहा कि इस बार सावन माह में दिल्ली का माहौल उत्सव जैसा है, जो पहले कभी देखने को नहीं मिला।
शिविरों की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार के मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों की टीमें पहले से ही सक्रिय हैं। राजधानी में कांवड़ियों के स्वागत हेतु 374 कांवड़ सेवा समितियों को अनुदान प्रदान किया गया है। हर शिविर में बिजली, चिकित्सा सुविधाएं, शौचालय और सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा, दिल्ली के सभी बॉर्डरों पर स्वागत द्वार लगाए गए हैं और कांवड़ियों के लिए सुविधाजनक इंतजाम किए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
