शहर

'पहले जलेबी दो...', दुकानदार ने नहीं मानी बात तो कतार में खड़े नीरज ने मार दी थी गोली; अब मिली उम्रकैद

Jalebi Controversy: दिल्ली में कतार में लगे दूसरे लोगों से पहले 'जलेबी' नहीं देने से नाराज होकर मिठाई विक्रेता को गोली मारने के जुर्म में अदालत ने एक व्यक्ति को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

Image

जलेबी के चलते हत्या (फोटो साभार: AI)

Jalebi Controversy: दिल्ली में कतार में लगे दूसरे लोगों से पहले 'जलेबी' नहीं देने से नाराज होकर मिठाई विक्रेता को गोली मारने के जुर्म में अदालत ने एक व्यक्ति को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना 12 वर्ष पहले की है। बंगला साहिब गुरुद्वारे के पास एक मिठाई की दुकान पर,18 फरवरी 2014 को जब विक्रेता ने क्रम तोड़ने से मना किया, तो आरोपी ने उसे थप्पड़ मारा, अपनी पिस्तौल निकाली और बेहद नजदीक से उसके सिर में गोली मार दी।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धीरेन्द्र राणा, नीरज को सजा सुनाने के मामले में दलील सुन रहे थे। नीरज को इसी महीने की शुरुआत में भारतीय दंड विधान (IPC) की धारा 302 (हत्या) और हथियारों के गैर-कानूनी इस्तेमाल के लिए हथियार अधिनियम के तहत दोषी ठहराया गया था।

न्यायाधीश ने आठ जून के आदेश में कहा, ''रिकॉर्ड देखने से पता चलता है कि दोषी का विक्रेता के साथ झगड़ा हुआ था, क्योंकि वह चाहता था कि लाइन में खड़े दूसरे ग्राहकों से पहले उसे जलेबी दी जाए। जब विक्रेता ने ऐसा करने से मना किया, तो दोषी ने उसे थप्पड़ मारा, पिस्तौल निकाली और बहुत पास से उसके सिर में गोली मार दी।''

जलेबी विक्रेता ने तोड़ा दम

उन्होंने बताया कि विक्रेता को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई , नीरज को घटनास्थल के पास से पकड़ा गया साथ ही उसके पास से हथियारों का एक नकली लाइसेंस भी बरामद हुआ।

न्यायाधीश ने कहा, ''मैंने इस मामले से जुड़ी नरमी बरतने वाली परिस्थितियों पर विचार किया है। दोषी किसी दूसरे मामले में शामिल नहीं है। वह पूरी सुनवाई के दौरान हिरासत में रहा। वह समाज के लिए खतरा नहीं है और उसके सुधरने की संभावना है।''

हत्या के दोषी को उम्रकैद

उन्होंने कहा, '' इसलिए, यह मामला 'दुर्लभतम' मामलों की श्रेणी में नहीं आता। दोषी 2014 से सुनवाई का सामना कर रहा है और उसके परिवार में उसकी पत्नी और दो बेटे हैं।'' इसके बाद उन्होंने दोषी को हत्या के लिए उम्रकैद की सज़ा सुनाई।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article