Delhi Police Encounter: दिल्ली के बवाना इलाके में एक बिजनेसमैन की हत्या के मामले में पुलिस ने दो वांटेड शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को सोमवार देर रात रोहिणी में मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। इस दौरान दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के पास से एक पिस्तौल, कई कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
एक महीने से फरार थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इरफान और ऐश्वर्या पांडे के तौर पर हुई है। बवाना में कारोबारी की हत्या के बाद दोनों आरोपी लगभग एक महीने से फरार चल रहे थे। पुलिस को सोमवार को रोहिणी इलाके में उनके मूवमेंट की गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने के लिए एक टीम बनाकर जाल बिछाया।
दोनों ओर से हुई 11 राउंड फायरिंग
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। तभी आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान करीब 11 राउंड गोलियां दोनों तरफ से चलीं। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
विदेश में बैठे गैंगस्टरों से हत्या का कनेक्शन
प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि इस हत्या के तार विदेश में बैठे गैंगस्टर रणदीप मलिक और अनिल पंडित से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड की जिम्मेदारी पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए ली गई थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की जांच की जा रही है, ताकि इस हत्या के पीछे की साजिश और अन्य लोगों की संलिप्तता के बारे में पता लगाया जा सके।
