शहर

Traffic Advisory: सावन शिवरात्रि पर दिल्ली-NCR में लग सकता है जाम; कांवड़ यात्रा के चलते इन रास्तों पर रहेगा भारी डायवर्जन

Delhi-NCR Traffic Advisory: सावन शिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा के पीक पर पहुंचने से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। कालिंदी कुंज, डीएनडी और एक्सप्रेसवे पर डायवर्जन लागू किया गया है।

Image

कांवड़ यात्रा के चलते लागू हुआ डायवर्जन (सांकेतिक चित्र)

Photo : PTI

Delhi-NCR Traffic Advisory: सावन शिवरात्रि के अवसर पर हरिद्वार और गंगोत्री से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की संख्या अपने चरम पर पहुंच गई है। इसके मद्देनजर दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद की सड़कों पर यातायात व्यवस्था भारी दबाव में है। दिल्ली पुलिस, नोएडा ट्रैफिक पुलिस और फरीदाबाद पुलिस ने संयुक्त रूप से ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली से नोएडा, नोएडा से गाजियाबाद, गाजियाबाद से दिल्ली और दिल्ली से फरीदाबाद को जोड़ने वाले प्रमुख बॉर्डर्स और एक्सप्रेसवे पर पूरे दिन वाहनों की आवाजाही धीमी रह सकती है।

इन प्रमुख कॉरिडोरों पर रहेगा सबसे ज्यादा असर

कांवड़ यात्रा के विश्राम शिविरों, जलाभिषेक के लिए शिव मंदिरों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और रूट डायवर्जन के कारण इन रास्तों पर भारी ट्रैफिक दबाव रहने की संभावना है:

कालिंदी कुंज और नोएडा-दिल्ली बॉर्डर: दक्षिण दिल्ली को नोएडा से जोड़ने वाला कालिंदी कुंज मार्ग भारी जाम की चपेट में आ सकता है। सरिता विहार, जसोला, ओखला बराज और नोएडा से सटे सेक्टरों में जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है।

DND फ्लाईवे: अन्य सीमावर्ती रास्तों से डायवर्ट किए गए वाहनों और दफ्तर आने-जाने वाले यात्रियों के एक साथ जुटने से सुबह और शाम के पीक आवर्स के दौरान डीएनडी पर यातायात बेहद धीमा रहने की आशंका है।

आश्रम-मथुरा रोड कॉरिडोर: आश्रम चौक, मथुरा रोड और बदरपुर बॉर्डर वाले हिस्से पर कांवड़ यात्रियों के आवागमन के कारण सेंट्रल दिल्ली, साउथ दिल्ली और फरीदाबाद के बीच आवाजाही प्रभावित रहेगी।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे एवं जोड़ने वाले मार्ग: ग्रेटर नोएडा और दिल्ली सीमा को जोड़ने वाली सड़कों पर भी अतिरिक्त ट्रैफिक लोड के चलते गाड़ियां रेंगती नजर आ सकती हैं।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) एवं जीटी रोड: गाजियाबाद पुलिस ने कांवड़ियों के सुरक्षित आवागमन के लिए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की एक लेन को आरक्षित रखा है, जबकि अप्सरा बॉर्डर से यमुना ब्रिज तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है।

यात्रियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश एवं सावधानियां

ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों और दैनिक यात्रियों को सुझाया है कि घर से निकलने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और नोएडा पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लाइव रूट अपडेट्स देख लें। लंबी दूरी के लिए NH-9, NH-44, द्वारका एक्सप्रेसवे या KMP एक्सप्रेसवे जैसे वैकल्पिक कॉरिडोर का उपयोग करें। प्रशासन के अनुसार, सावन शिवरात्रि पर देर रात से लेकर तड़के तक प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक चलेगा। कांवड़ियों का आवागमन 11 और 12 अगस्त तक लगातार जारी रहेगा, जिसके कारण सिर्फ ऑफिस टाइमिंग ही नहीं, बल्कि देर रात भी कई रास्तों पर डायवर्जन प्रभावी रहेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article