दिल्ली का मौसम (3 Feb 2026) Delhi Weather Today: आज भी कोहरे की चादर से ढकी दिल्ली, समूचे शहर में अलर्ट जारी; जानें कब होगी बारिश
- Authored by: Nishant Tiwari
- Updated Feb 3, 2026, 07:02 AM IST
दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 3 Feb 2026: दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का डबल अटैक जारी है। सोमवार को पूरे दिन सूरज के दर्शन नहीं हुए और बर्फीली हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि अभी इस 'कोहरे के कहर' से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। आइए जानते हैं दिल्ली में मौसम का हाल।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आज का मौसम (3 Feb 2026): दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में आज सुबह से ही बेहद घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने आज के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसका अर्थ है कि विजिबिलिटी (दृश्यता) बेहद कम रह सकती है। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने और फॉग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी गई है। सोमवार को भी दिनभर 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी थी।
फिर एक अंक में सिमटेगा पारा
अगले दो दिनों के दौरान दिल्ली-एनसीआर के न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मंगलवार और बुधवार को रात का पारा गिरकर 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, सप्ताह के मध्य के बाद जैसे ही एक नया मौसमी सिस्टम सक्रिय होगा, तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
पहाड़ों पर बर्फबारी और दिल्ली में बारिश के आसार
स्काईमेट के अनुसार, उत्तर भारत में इस समय लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) दस्तक दे रहे हैं। पहला सिस्टम सक्रिय हो चुका है, जिससे ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात हो रहा है। दूसरा विक्षोभ 5 फरवरी की रात को पहुंचेगा, जिसका असर 6 और 7 फरवरी को पहाड़ों पर भारी बर्फबारी के रूप में दिखेगा। दिल्ली में इस सप्ताह बारिश की संभावना तो नहीं है, लेकिन अगले सप्ताह की शुरुआत में हल्की बूंदाबांदी के संकेत मिल रहे हैं।
राजस्थान और यूपी में ओले गिरने की आशंका
दिल्ली से सटे राज्यों में मौसम का मिजाज अधिक बिगड़ सकता है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान, दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बारिश के साथ ओले गिरने (Hailstorm) की चेतावनी दी गई है। इससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
8 फरवरी तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 8 फरवरी तक दिल्ली-एनसीआर में कोहरा बना रहेगा। धूप निकलने की संभावना कम है और वातावरण में नमी बरकरार रहेगी। दक्षिण भारत की बात करें तो अगले दो दिनों में तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में हल्की बारिश शुरू होने की संभावना है, जिसके लिए विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।