दिल्ली में आज का मौसम (13 Feb 2026): दिल्ली-NCR में मौसम ने एक बार फिर अपनी चाल बदल ली है। पिछले कुछ दिनों से सुस्त पड़ी हवाओं ने अब रफ्तार पकड़ ली है, जिससे उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, सूरज के कड़े तेवरों और बढ़ते तापमान ने यह संकेत दे दिया है कि इस साल फरवरी के महीने में ही गर्मी का अहसास मार्च जैसा होने वाला है।
हवाओं ने पकड़ी रफ्तार
बीते दो दिनों से दिल्ली-NCR में हवाएं लगभग थमी हुई थीं, जिसके कारण दोपहर की धूप लोगों के पसीने छुड़ा रही थी। अब 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द-गर्म हवाओं ने वातावरण में हलचल पैदा कर दी है। मौसम अब पूरी तरह साफ हो चुका है, जिसके मद्देनजर मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR से कोहरे और ठंड के सभी अलर्ट हटा लिए हैं। हालांकि, रात के पारे में अब धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
29 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 13 फरवरी से तापमान में तेजी से उछाल देखने को मिलेगा। आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है, लेकिन 18 फरवरी तक यह बढ़कर 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी 15 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्की धुंध जरूर दिख सकती है, लेकिन दिन चढ़ते ही आसमान साफ हो जाएगा और तीखी धूप खिलेगी।
पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश की आहट
भले ही दिल्ली तप रही हो, लेकिन पहाड़ों पर हो रही हलचल जल्द ही मैदानी इलाकों का मिजाज बदल सकती है। 13 और 16 फरवरी को दो नए 'पश्चिमी विक्षोभ' (Western Disturbance) हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेंगे, जिससे वहां बर्फबारी और बारिश होगी। इसका असर दिल्ली-NCR पर भी पड़ने की संभावना है। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, 16 फरवरी के बाद दिल्ली और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
