देश

दरभंगा MLC चुनाव में RJD का बड़ा उलटफेर, अनिल कुमार झा ने लहराया परचम, BJP के सर्वेश कुमार 450 वोटों से हारे

Darbhanga MLC Election Result: बिहार के दरभंगा स्नातक एमएलसी सीट पर आरजेडी के अनिल कुमार झा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार सर्वेश कुमार को 450 वोटों से हराया। दूसरी वरीयता के मतों की गिनती और एलिमिनेशन राउंड के बाद मुकाबले का नतीजा सामने आया। मतगणना के दौरान दोनों प्रत्याशियों के बीच उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन आखिरकार आरजेडी ने इस सीट पर बाजी मार ली।

Image

दरभंगा स्नातक सीट पर आरजेडी उम्मीदवार अनिल कुमार झा ने जीत दर्ज की।

Darbhanga MLC Election Result: बिहार के दरभंगा स्नातक सीट पर आरजेडी ने जीत हासिल कर ली है। अनिल कुमार झा विजयी ने बीजेपी के अपने निकटतम प्रत्याशी सर्वेश कुमार को 450 वोटों से शिकस्त दी है। दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती के बाद राजद के अनिल झा ने दरभंगा स्नातक सीट पर परचम लहरा दिया।

कभी भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार की बढ़त से एनडीए खेमे में जीत की उम्मीद जगी, तो कभी मतों के उतार-चढ़ाव ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया। हालांकि, वरीयता आधारित मतगणना और एलिमिनेशन राउंड के बाद आरजेडी के अनिल कुमार झा ने बाजी मार ली। वहीं, भाजपा के सर्वेश कुमार को हार का सामना करना पड़ा।

बता दें कि सर्वेश कुमार दरभंगा स्नातक से सिटिंग एमएलसी थे, 2020 में भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव जीता था। इस चुनाव में वह भाजपा से टिकट लेकर एनडीए उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे, लेकिन अपनी सीट नहीं बचा पाए।

बिहार एमएलसी चुनाव का रिजल्ट कैसा रहा?

बिहार एमएलसी चुनाव की सभी 8 सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं। चुनाव में बीजेपी और आरजेडी ने 2-2 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में 2 सीटें गई हैं। वहीं, जेडीयू और जन सुराज पार्टी ने एक-एक सीट पर कब्जा जमाया है। बीजेपी ने तिरहुत शिक्षक और कोसी स्नातक सीट जीती, जबकि आरजेडी को पटना शिक्षक और दरभंगा स्नातक सीट पर जीत मिली। निर्दलीय उम्मीदवारों ने तिरहुत स्नातक और सारण शिक्षक सीट पर बाजी मारी। वहीं, पटना स्नातक सीट जेडीयू और दरभंगा शिक्षक सीट जन सुराज पार्टी के खाते में गई।

जीत के बाद नीरज कुमार ने क्या कहा?

पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार ने कब्जा कायम रखा और आरजेडी के दिलीप पटेल को हरा दिया। जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह तीसरे नंबर रहे, जिनका प्रचार अनंत सिंह कर रहे थे। नीरज कुमार ने गुरुवार को अपनी जीत को 'बौद्धिक जनादेश' करार दिया। उन्होंने कहा कि यह नैतिक बल की राजनीति की जीत है, जहां बाहुबल और धन बल की राजनीति नहीं चल सकी।

टाइम्स नाउ नवभारत के साकेत कुमार के साथ खास बातचीत में नीरज कुमार ने जदयू नेता राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह के विषय पर भी बात की। उन्होंने कहा, ''यह बौद्धिक जनादेश है। नैतिक बल की राजनीति की जीत है, लेकिन बाहुबल और धन बल की राजनीति नहीं चली।''

नीरज कुमार ने अपनी जीत में पार्टी और एनडीए गठबंधन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। जब उनसे ललन सिंह से जुड़ा सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी और एनडीए गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व से लेकर निचली इकाई तक के कार्यकर्ता एकजुट होकर खड़े थे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article