शहर

डकैती के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, आंखों में मिर्च झोंककर जमकर पीटा, PSI समेत 6 पुलिसकर्मी घायल

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के पलशी गांव में डकैती के आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची लातूर क्राइम ब्रांच की टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर लाठियों और रॉड से किए गए हमले में PSI समेत 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

Image

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस

Photo : Times Now Digital

Hingoli News: महाराष्ट्र के हिंगोली जिले से पुलिस टीम पर जानलेवा हमले की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के वसमत तालुका स्थित पलशी गांव में डकैती और घरफोड़ी के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची लातूर पुलिस की टीम पर आरोपियों और उनके समर्थकों की भीड़ ने हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और फिर लाठियों व लोहे की रॉड से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में पुलिस उपनिरीक्षक (PSI) और सहायक पुलिस निरीक्षक समेत 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। वारदात के बाद पुलिस के शासकीय वाहन पर पथराव कर उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, लातूर जिले में हुई घरफोड़ी और डकैती की एक बड़ी वारदात में हिंगोली जिले के पलशी गांव के एक संदिग्ध आरोपी के शामिल होने की गुप्त सूचना लातूर स्थानीय अपराध शाखा (LCB) की टीम को मिली थी। इसी सूचना के आधार पर लातूर क्राइम ब्रांच की टीम देर रात करीब 12:30 बजे पलशी गांव में आरोपी के ठिकाने पर दबिश देने पहुंची थी। जैसे ही पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेने की कोशिश की, वहां मौजूद परिजनों और 8 से 9 लोगों की उग्र भीड़ ने पुलिस को घेर लिया।

आंखों में झोंकी मिर्च, फिर लाठी-रॉड से किया वार

पुलिस पर हमले की यह साजिश पहले से तैयार लग रही थी। हमलावरों ने अचानक पुलिसकर्मियों के चेहरे और आंखों पर तीखा मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते उससे पहले ही उन पर लाठियों और लोहे की छड़ों से हमला कर दिया गया। इस हमले में एपीआई पांडुरंग माने, पीएसआई अमर सुरेश केंद्रे सहित कुल 6 पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं। घटना के तुरंत बाद घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हट्टा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज, आरोपियों की तलाश में 3 टीमें रवाना

घटना की सूचना मिलते ही उपविभागीय पुलिस अधिकारी राजकुमार केंद्रे और हट्टा पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर बसवंते दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। ज्ञानेश्वर बसवंते ने बताया कि लातूर क्राइम ब्रांच की टीम पर आरोपी और उसके साथियों द्वारा मिर्च पाउडर फेंककर हमला किया गया है। घटना के संबंध में हट्टा पुलिस स्टेशन में विक्की मोहन शिंदे, सुदर्शन मोहन शिंदे, सचिन मोहन शिंदे, राजू मोहन शिंदे समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने व अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 3 विशेष टीमें गठित कर रवाना कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article