दिल्ली : त्योहारों के बीच दिल्ली में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने बुधवार को भोगल मार्केट, नजफगढ़ मार्केट और शिव विहार में छापेमारी कर कुल 948.9 लीटर घी जब्त किया। भोगल और नजफगढ़ में घी के 15 नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सरकार ने साफ कर दिया है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मिलावट के खिलाफ अभियान सिर्फ त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे साल लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच के दायरे में ब्रांडेड कंपनियां भी आएंगी और किसी के साथ ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
तीन जगह छापेमारी, कहां से कितना घी जब्त?
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में दिल्ली के तीन इलाकों से बड़ी मात्रा में घी जब्त किया गया।
- भोगल मार्केट: 389.9 लीटर घी जब्त।
- नजफगढ़ मार्केट: 338 लीटर घी जब्त।
- शिव विहार: दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में 221 लीटर घी जब्त।
भोगल और नजफगढ़ मार्केट से घी के कुल 15 नमूने एकत्र किए गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट से घी की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हाईटेक होगा खाद्य सुरक्षा विभाग
दिल्ली सरकार खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से लैस करने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही विभाग में कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर दूसरे विभागों से भी स्टाफ उपलब्ध कराया जा सकता है, ताकि राजधानी के अधिक से अधिक इलाकों में निगरानी और छापेमारी की जा सके।
सरकार का उद्देश्य जांच की प्रक्रिया को तेज करना, खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान करना और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
ब्रांडेड कंपनियां भी जांच के दायरे में
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मिलावट के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई में किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी, चाहे मामला किसी बड़ी ब्रांडेड कंपनी से जुड़ा हो। इसके साथ ही लोगों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान भी शुरू किया जाएगा।
सरकार का कहना है कि खाद्य पदार्थों की शुद्धता केवल नियमों का मामला नहीं, बल्कि लोगों की सेहत और सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। ऐसे में निगरानी, जांच और कार्रवाई की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
मिलावट दिखे तो इस नंबर पर करें शिकायत
दिल्ली सरकार ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं मिलावटी, खराब गुणवत्ता वाले या एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ बेचे जा रहे हैं, तो इसकी शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग से करें।
हेल्पलाइन नंबर: 1800-11-3921
इस नंबर पर कार्यालय समय के दौरान संपर्क किया जा सकता है। सरकार का दावा है कि मिलावट के खिलाफ अभियान को लगातार जारी रखकर उपभोक्ताओं को असुरक्षित खाद्य पदार्थों से बचाने की कोशिश की जाएगी।
