Manoj Tiwari in Yamuna River: छठ महापर्व से पहले दिल्ली में यमुना की सफाई को लेकर सियासी जंग तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी लगातार यमुना के प्रदूषण पर सवाल उठा रही है, तो वहीं बीजेपी इसे साफ बता रही है। इस बीच उत्तर-पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने यमुना में डुबकी लगाकर सफाई का लाइव सबूत पेश किया है। मनोज तिवारी गुरुवार को सोनिया विहार इलाके में यमुना के किनारे पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने नाव से यमुना का जायजा लिया और फिर देखते ही देखते लाल कुर्ता और गमछा पहने यमुना में उतर गए।
यमुना नदी में तैरते नजर आए मनोज तिवारी
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि वह काफी देर तक यमुना में तैर-तैरकर नहा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने छठ के गीत भी गाए। मनोज तिवारी ने इसे रील बनाम रियलिटी टेस्ट बताया। बीजेपी के ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से इस वीडियो को शेयर किया गया है।
इसके साथ ही दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सीधा निशाना साधा गया है। पार्टी ने लिखा कि 27 साल में जो काम कांग्रेस और आम आदमी पार्टी नहीं कर पाई, वो काम दिल्ली की बीजेपी सरकार ने दो साल से भी कम समय में कर दिखाया है। दिल्ली में आधी से ज्यादा यमुना को साफ किया जा चुका है और बाकी बचा हिस्सा भी जल्द साफ हो जाएगा।
अरविंद केजरीवाल को दे दिया चैलेंज
बीजेपी ने तंज कसते हुए पूछा कि मनोज तिवारी ने तो 30 किलोमीटर तक साफ यमुना लाइव दिखा दी, केजरीवाल जी आप कब डुबकी लगाने आ रहे हैं? मनोज तिवारी ने मौके पर कहा कि रेखा गुप्ता सरकार ने लगभग 30 किलोमीटर तक यमुना को स्वच्छ कर दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पार्क में गड्ढा खोदकर छठ मनाते हैं, उनकी आस्था का स्वागत है, लेकिन छठ की असली भावना जल संरक्षण और जल की स्वच्छता है। उन्होंने सभी दिल्लीवासियों से अपील की कि इस बार यमुना किनारे आकर छठ मनाएं। मनोज तिवारी ने इससे पहले 18 अक्टूबर को यमुना के जल से आचमन किया था। उसके बाद जब विवाद बढ़ा तो उन्होंने 29 अक्टूबर सुबह 11 बजे सोनिया विहार में यमुना में डुबकी लगाने का चैलेंज दिया था।
