शहर

Delhi Weather: दिल्ली-NCR में मानसून आया झूम के, सुबह-सुबह की बारिश से खुशनुमा हुआ मौसम, उमस-गर्मी से मिली राहत; IMD का रेड अलर्ट

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 02 July 2026: दिल्ली-NCR में मानसून की दस्तक के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग (IMD) ने रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं और बारिश का अनुमान जताया है।

Image

Delhi Weather: दिल्ली-NCR में मानसून आया झूम के, सुबह-सुबह की बारिश से खुशनुमा हुआ मौसम, उमस-गर्मी से मिली राहत; IMD का रेड अलर्ट

दिल्ली में आज का मौसम (02 July 2026): चिलचिलाती गर्मी और उमस से परेशान दिल्ली-NCR के लोगों के लिए गुरुवार की सुबह बड़ी राहत लेकर आई। राजधानी के कई इलाकों में रात को हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदला ही था, कि सुबह अचानक काले बादलों के साथ झमाझम बरसात और तेज हवाओं ने मानसून की एंट्री को पुख्ता कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR के लिए तात्कालिक 'रेड अलर्ट' जारी किया है, जिसके तहत आने वाले दिनों में आसमान में बादल छाए रहने, मध्यम स्तर की बारिश होने और तेज रफ्तार हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की इस दस्तक के बाद दिल्ली के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। जहां बुधवार को अधिकतम तापमान 33°C से 34.8°C के बीच रहा, वहीं गुरुवार को इसके और गिरकर 32°C से 34°C के बीच रहने का अनुमान है। यह गिरावट पिछले दिनों रही भीषण हीटवेव (लू) की स्थिति से बड़ी राहत है।

आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम (Monsoon)

दिल्ली में आज पूरे दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है और सुबह 9:45 तक के लिए तात्कालिक रेड अलर्ट जारी किया गया है। पूरे दिन रुकरुक कर बरसात होते रहने की संभावना है। IMD के मुताबिक आज दोपहर के समय क्षेत्र में तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ हल्की वर्षा हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है तथा बिजली गिरने की संभावना भी रहेगी। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

शाम के समय भी मौसम का यही रुख बना रहने की संभावना है। तेज सतही हवाओं के साथ बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने वाली झोंकेदार हवाओं के साथ आंधी-तूफान की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। लोगों को खुले स्थानों में जाने से बचने और मौसम संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई हैं।

मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया के मुताबिक दिल्ली-NCR में मानसून की पहली जोरदार बारिश की शुरुआत हो चुकी है। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और गुरुग्राम के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा रही है। यह बारिश दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के अधिकांश हिस्सों को प्रभावित कर सकती है।

भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है। तेज बारिश के बाद हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है, जो सुबह लगभग 10 से 11 बजे तक बना रहने की संभावना है।

उत्तर भारत में तेजी से बढ़ रहा मानसून

IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश यादव ने बताया कि मानसून आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई अन्य हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मानसून जल्द ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और गुजरात के पश्चिमी तट के बचे हुए इलाकों को पूरी तरह कवर कर लेगा। हालांकि, राहत के साथ-साथ मौसम विभाग ने कुछ राज्यों के लिए चिंता भी जताई है। कोंकण क्षेत्र, गोवा और दक्षिण गुजरात में अगले 4 से 5 दिनों के भीतर अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है, जिसके मद्देनजर इन क्षेत्रों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। इसके अलावा, ओडिशा और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article