शहर

Delhi Haridwar Expressway: 2 महीने में तैयार हो जाएगा एक्सप्रेसवे! दिल्ली से हरिद्वार पहुंचने में लगेंगे सिर्फ 90 मिनट

Delhi Haridwar Expressway: दिल्ली से हरिद्वार जाना हो तो अभी 3-4 घंटे का समय लग जाता है। लेकिन केंद्रय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के अनुसार अगले दो महीने में दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेसवे तैयार होने की उम्मीद है। इसके चालू होने से यह दूरी मात्र 90 मिनट में तय हो जाएगी।

Image

दिल्ली से हरिद्वार का सुहाना सफर होगा सिर्फ 90 मिनट में

Delhi Haridwar Expressway: वीकेंड पर कहीं बाहर जाने का मन हो या किसी धार्मिक महत्व की तारीख पर गंगा नदी में डुबकी लगानी हो, दिल्ली-NCR के लोग अक्सर हरिद्वार पहुंच जाते हैं। लेकिन अभी दिल्ली से हरिद्वार पहुंचने में 3-4 घंटे का समय लग जाता है। ट्रैफिक, छुट्टियों और वीकेंड पर गाड़ियों की संख्या बढ़ने से यह समय और बढ़ सकता है।

केंद्रीय मंत्री Nitin Gadkari के मुताबिक, नए सड़क संपर्क के चालू होने के बाद यह सफर लगभग 90 मिनट में पूरा हो जाएगा। हालांकि, वास्तविक यात्रा का समय शुरुआती स्थान, ट्रैफिक और रास्ते की स्थितियों पर निर्भर करेगा।

इस परियोजना को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और उससे जुड़े हरिद्वार स्पर के संदर्भ में देखा जा रहा है। दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर से भी यात्रा समय में काफी कमी आई है। इससे उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक पहुंचना आसान हो गया है।

दिल्ली-मेरठ और दिल्ली-जयपुर सफर भी हुआ आसान

गडकरी ने बेहतर सड़क नेटवर्क से यात्रा समय में आए बदलाव के उदाहरण भी दिए। उनके मुताबिक, दिल्ली से मेरठ पहुंचने में पहले करीब साढ़े तीन घंटे लगते थे, जबकि अब यह सफर लगभग 45 से 50 मिनट में पूरा हो सकता है। दिल्ली से जयपुर की यात्रा का समय भी करीब पांच घंटे से घटकर लगभग दो घंटे रह गया है।

केंद्रीय मंत्री ने बेंगलुरु-चेन्नई रूट का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, सड़क परियोजनाओं के पूरा होने पर इस मार्ग पर यात्रा का समय चार से पांच घंटे से घटकर करीब दो घंटे हो सकता है।

देश में 36 ग्रीन एक्सप्रेसवे बनाने की योजना

गडकरी ने बताया कि सरकार देशभर में 36 ग्रीन एक्सप्रेसवे विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कनेक्टिविटी और सड़क ढांचे को बेहतर बनाने के लिए लगभग 1.6 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं।

सड़क परिवहन मंत्री के मुताबिक, बेहतर हाईवे नेटवर्क से लॉजिस्टिक्स लागत घटाने में भी मदद मिली है। उन्होंने भारत में लॉजिस्टिक्स लागत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के करीब 16 फीसद से घटकर लगभग 9 फीसद होने की बात कही। उनके अनुसार, परिवहन लागत में कमी से भारतीय कारोबार की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ सकती है।

दिल्ली-हरिद्वार मार्ग के लिए अगले दो महीने की समयसीमा मंत्री का बताया हुआ लक्ष्य है। यात्रियों को वास्तविक उद्घाटन तिथि और यातायात के लिए मार्ग खुलने की आधिकारिक सूचना अभी नहीं है। जिस तरह से नितिन गडकरी ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के हरिद्वार स्पर के काम पूरा होने की समय-सीमा दो महीने रखी है, उसे देखते हुए लगता है कि जनवरी 2027 से हरिद्वार में शुरू होने वाले अर्ध कुंभ तक एक्सप्रेसवे का काम पूरा हो जाएगा। संभव है कि अर्धकुंभ के अवसर पर इस एक्सप्रेसवे को ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाए। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना चाहिए।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article