शहर

'दिल्ली लक्ष्मी योजना' को मंजूरी, हर महीने बैंक खाते में क्रेडिट होंगे 2500; जानें किसको मिलेगा लाभ?

दिल्ली सरकार ने 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' को मंजूरी दी है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 मिलेंगे। आवेदन 1 अगस्त से ऑनलाइन शुरू होंगे और रक्षाबंधन से लाभ मिलना शुरू होगा।

Image

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली की महिलाओं से विधानसभा चुनाव के दौरान किया गया सबसे बड़ा वादा अब ज़मीन पर उतरने जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ को मंजूरी दे दी गई है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में दी जाएगी।

कैबिनेट के फैसले की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “आज बहुत खुशी का पल है। दिल्ली की बहनों से जो वादा किया था, उसे हमारी सरकार ने कैबिनेट में पूरा कर दिया है। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि 1 अगस्त से योजना का ऑनलाइन पोर्टल शुरू होगा, जिसके माध्यम से पात्र महिलाएं आवेदन कर सकेंगी। सरकार का लक्ष्य रक्षाबंधन के अवसर से महिलाओं के खातों में योजना का लाभ पहुंचाना है।

चुनावी वादा, अब सरकारी योजना

दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को हर महीने ₹2,500 देने का वादा किया था। सरकार बनने के बाद इस योजना के लिए बजट में भी प्रावधान किया गया और इसके क्रियान्वयन के लिए उच्चस्तरीय समिति बनाई गई। पहले इसे महिला समृद्धि योजना के नाम से जाना जा रहा था, लेकिन बाद में इसका नाम बदलकर ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ कर दिया गया।

कौन-कौन हो सकता है पात्र?

सरकार पहले ही योजना के लिए पात्रता के मानदंड तय कर चुकी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार—

  • महिला की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच हो।
  • परिवार की वार्षिक आय ₹2.5 लाख से अधिक न हो।
  • महिला कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली की निवासी हो।
  • एक परिवार से केवल एक महिला को लाभ मिलेगा।
  • परिवार या लाभार्थी के खिलाफ गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड न हो।
  • विस्तृत दिशा-निर्देश और आवेदन प्रक्रिया पोर्टल शुरू होने के साथ जारी की जाएगी।

1 अगस्त से खुलेगा पोर्टल

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 1 अगस्त से रजिस्ट्रेशन पोर्टल शुरू किया जाएगा। इसके बाद पात्र महिलाएं आवेदन कर सकेंगी और दस्तावेज़ों की जांच पूरी होने पर रक्षाबंधन से लाभ वितरण शुरू करने की तैयारी है।

दिल्ली सरकार का कहना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। सरकार का दावा है कि चुनाव में किया गया वादा अब हकीकत बन गया है और लाखों महिलाओं को हर महीने सीधे आर्थिक सहायता मिलेगी।

मुख्य बातें

  • दिल्ली कैबिनेट ने दिल्ली लक्ष्मी योजना को दी मंजूरी।
  • पात्र महिलाओं को ₹2,500 प्रति माह मिलेंगे।
  • 1 अगस्त से आवेदन के लिए पोर्टल शुरू होगा।
  • रक्षाबंधन से लाभ वितरण शुरू करने का लक्ष्य।
  • चुनावी गारंटी को पूरा करने की दिशा में रेखा सरकार का बड़ा फैसला।
bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article