गर्मी की आहट के बीच दिल्ली सरकार का बड़ा प्लान, डिजिटल पोर्टल से होगी प्रोजेक्ट की निगरानी
- Edited by: Nishant Tiwari
- Updated Jan 22, 2026, 11:13 PM IST
दिल्ली में गुरुवार को तापमान ने सात साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए गर्मियों की आहट दे दी। इसी बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक कर विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने के निर्देश दिए। जल्द ही ‘दिल्ली मित्र’ पोर्टल लॉन्च होगा, जो नागरिकों की शिकायतों का डिजिटल समाधान देगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की समीक्षा बैठक (चित्र साभार: X/@gupta-rekha)
दिल्ली में गुरुवार को तापमान कुछ ऐसा रहा कि आज के दिन की गर्माहट ने सात सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया, और इसी के साथ गर्मियों की आहट भी मिल गई। तो गर्मियों से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने का बिगुल बजा दिया है। सचिवालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि अब योजनाएं सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर नजर आनी चाहिए। आने वाले दिनों में ‘सीएम-प्रगति’ और ‘दिल्ली मित्र’ जैसे डिजिटल पोर्टल जनता और सरकार के बीच सीधे संवाद का पुल बनेंगे।
CM-प्रगति पोर्टल पर अपडेट जरूरी
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि 5 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली सभी परियोजनाओं को एक सप्ताह के भीतर ‘सीएम-प्रगति’ पोर्टल (विभागीय मॉनिटरिंग के लिए आंतरिक पोर्टल) पर अपडेट करना अनिवार्य होगा। इससे परियोजनाओं की निगरानी, समयबद्ध समीक्षा और शीर्ष स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित होगी। इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव राजीव वर्मा के साथ सभी विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि हर विभाग अपने-अपने पोर्टल पर विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट लगातार अपडेट करे ताकि आम जनता को काम की सही स्थिति पता चल सके और शासन में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प है कि हर परियोजना तय समय-सीमा में पूरी हो, प्रत्येक विभाग उत्तरदायी रहे और जनता को विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध हो। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को लंबित परियोजनाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के भी निर्देश दिए।
‘दिल्ली मित्र’ से होगा शिकायतों का डिजिटल समाधान
मुख्यमंत्री ने बताया कि जल्द ही ‘दिल्ली मित्र’ पोर्टल लॉन्च किया जाएगा। यह पोर्टल नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए समर्पित डिजिटल मंच होगा। मुख्यमंत्री ने पोर्टल से संबंधित सभी तकनीकी और प्रशासनिक कामों को जल्द से जल्द पूरा करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की ट्रेनिंग, तकनीकी परीक्षण और विभागों को जोड़ने का काम तय समय में पूरा होना चाहिए ताकि इस पोर्टल को बिना किसी देरी के जनता के लिए शुरू किया जा सके। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि यह पोर्टल सरकार और नागरिकों के बीच सीधे संवाद का जरिया बनेगा, जिससे शिकायतों को दूर करने की प्रक्रिया पहले से अधिक सरल, तेज और भरोसेमंद हो जाएगी।
गर्मियों से पहले पानी-बिजली पर फोकस
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे आने वाली गर्मियों के लिए अभी से अपनी तैयारियां पूरी कर लें। पानी की सप्लाई, बिजली की व्यवस्था, अस्पतालों की सुविधाएं, सड़कों की मरम्मत और अन्य सार्वजनिक सेवाओं पर समय रहते काम शुरू कर दिया जाए। मुख्यमंत्री का जोर इस बात पर रहा कि गर्मियों के दौरान नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और सभी जरूरी सेवाएं सुचारू रूप से चलती रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ‘परिणाम आधारित प्रशासन’ की दिशा में कार्य कर रही है, जहां योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि धरातल पर स्पष्ट परिणाम दिखाई देंगे। सरकार का लक्ष्य है कि सभी विकास कार्य समय पर पूरे हों, हर विभाग अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभाए और जनता को योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती रहे।
(इनपुट-आईएएनएस)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।