Delhi News : दिल्ली में आज सुबह इंसानियत की एक बड़ी मिसाल देखने को मिली। साथ ही यह भी दिखा कि संगठन की शक्ति कितनी होती है, अगर लोग मिलकर कुछ कर गुजरने की सोचें तो वह बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं। आज की इस कहानी की शुरुआत एक एक्सीडेंट से हुई। दरअसल राजधानी दिल्ली में आज यानी गुरुवार 30 अप्रैल को सुबह एक बाइक, बस की चपेट में आ गई और बाइक सवार बस के नीचे फंस गया। इसके बाद जो हुआ, वह मिसाल है।
आज सुबह करीब 7 बजे बदरपुर की तरफ से जाते समय एक बाइक सवार व्यक्ति अचानक बस की चपेट (Delhi Road Accident) में आ गया। यह दर्दनाक हादसा दिल्ली के पुल प्रहलादपुर थाने से कुछ ही दूरी पर हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस और मोटरसाइकिल के बीच जबरदस्त टक्कर हुई और इसी दौरान बाइक सवार व्यक्ति बस के नीचे फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए तुरंत मदद शुरू की और उसे बस के नीचे से वापस निकालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद जनता ने युवक को बस के नीचे से बाहर निकाल लिया।
हालांकि, हादसे में बाइक सवार युवक के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए। उसे गंभीर हालत में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें - बिजली कट जाए तो यहां संपर्क करें, तुरंत मिलेगा समाधान
बता दें कि दो दिन पहले ही दिल्ली के संसद मार्ग इलाके में देर रात ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हुआ था। रात को अशोक रोड के महादेव रोड टी-पॉइंट, पीएनबी कॉम्प्लेक्स के सामने एक मालवाहक वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी थी। इस एक्सीडेंट में IPL मैच देखकर घर लौट रहे बाइक सवार दो भाइयों की मौत हो गई थी।
जोरदार टक्कर के बाद दोनों भाई सड़क पर गिरे और बेहोष हो गए। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान यज्ञ भाटिया 20 और अभय भाटिया 14 के के रूप में हुई। दोनों भाई दिल्ली में अशोक नगर के रहने वाले थे और बड़ा भाई BSc की पढ़ाई कर रहा था, जबकि छोटा वाला अभी स्कूल में पढ़ता था।
