शहर

Delhi News: द्वारका गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत

दिल्ली के द्वारका सेक्टर 24 स्थित गोल्फ कोर्स के तालाब में आज सुबह तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस और फायर टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

Image

दिल्ली में द्वारका के गोल्फकोर्स तालाब में तीन बच्चों की डूबने से मौत

Delhi News: राजधानी दिल्ली में आज यानी गुरुवार 30 अप्रैल की सुबह बहुत ही दर्दनाक घटना सामने आई। दिल्ली के द्वारका सेक्टर 24 स्थित गोल्फ कोर्स में तीन बच्चों के डूबने की खबर सामने आई। पुलिस को सुबह 7.07 बजे सूचना मिली कि तालाब में तीन बच्चे डूब गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

सूचना मिलने पर Dwarka सेक्टर-23 की टीम ने फायर ब्रिगेड की मदद से तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। जब तक तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, तब तक काफी देर हो गई थी, तीनों की मौत हो चुकी थी।

तालाब में डूबे तीनों बच्चों की उम्र 8 से 10 साल के बीच बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बच्चे तालाब के पास खेल रहे थे। तालाब के पास ही उनके कपड़े भी मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह नहाने के लिए तालाब में उतरे थे, लेकिन हादसे का शिकार हो गए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने गोल्फ कोर्स परिसर के अंदर एक तालाब में तीनों बच्चों को मृत पाया। दमकल विभाग के कर्मियों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया।

पुलिस का कहना है कि वे बच्चों की पहचान करने और उनके परिवारों का पता लगाने के प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक इलाके में मृतकों के विवरण से मेल खाती कोई गुमशुदगी की शिकायत भी नहीं मिली है। तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से सुबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के डूबने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article