Akhilesh Yadav Ayodhya visit: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर राजनीति गरमा गई है। अब अयोध्या के साधु-संतों ने अखिलेश के इस प्रस्तावित दौरे के खिलाफ अपना मोर्चा खोल दिया है। साधु-संत चाहते हैं कि राम मंदिर आने से पहले अखिलेश यादव शहीद कारसेवकों के परिवार से माफी मांगे। इस एजेंडे को लेकर साधु-संत बुधवार को अयोध्या में राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नित्य गोपाल दास जी के यहां बैठक कर रहे हैं। यह बैठक 3:00 बजे होनी है। बता दें कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि वह 12 दिसंबर को सपरिवार राम लला का दर्शन करेंगे।
कारसेवक परिवारों से पहले माफी मांगें अखिलेश-साधु संत
संतों का कहना है कि अखिलेश यादव को प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया गया लेकिन वह अयोध्या नहीं आए जबकि उनके पिताजी ने कारसेवकों पर गोली चलवाई। संतों ने कहा कि सबसे पहले शहीद कारसेवकों के परिवार वालों और साधु संतों से माफी मांगें। संतों का कहना है कि वे उनके राम मंदिर दर्शन का विरोध नहीं कर रहे हैं लेकिन उन्हें पहले अपने पिताजी की गलतियों का पश्चाताप करना चाहिए।
दर्शन के लिए न आने से साधु-संतों में नाराजगी
मुलायम सिंह यादव की 'गलतियों', प्राण प्रतिष्ठा में निमंत्रण देने के बाद भी अखिलेश यादव के न आने से साधु-संतों में नाराजगी है। इसी को लेकर 3:00 बजे साधु संत एक बैठक नित्य गोपाल दास जी के मंदिर मणिरामदास छावनी में करेंगे।
6 दिसंबर को अयोध्या जाइए-पंकज चौधरी
वहीं, अखिलेश के अयोध्या दौरे पर सवाल खड़ा करते हुए यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव का जो चुनावी हिंदुत्व जागा है। उसको लेकर सवाल उठेंगे ही। राम मंदिर के उद्घाटन पर भी आपको निमंत्रण गया था लेकिन तब आप उसमें नहीं आए। अब आप 12 दिसंबर को जाना चाह रहे हैं। आप अगर पश्चाताप करना चाहते हैं तो 6 तारीख को जाइये।
अब की बार मंदिर में नमाज पढ़वा देंगे-राजभर
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा,'वह खुद पांच साल तक सत्ता में रहे, उन्होंने अयोध्या में क्या किया? उनकी इकलौती 'उपलब्धि' यह रही कि उन्होंने हनुमान गढ़ी में नमाज पढ़वाई। अगर वह फिर से सत्ता में आते हैं, तो वह मंदिर के अंदर भी नमाज पढ़वा देंगे।
