टेक एंड गैजेट्स

X पर अब वीडियो से होगी बंपर कमाई, आया नया Clipping Tool, दूसरे के वीडियो से छाप सकेंगे पैसे

X ने iOS और Android यूजर्स के लिए नया Video Clipping Tool लॉन्च किया है। इसकी मदद से आप दूसरे के वीडियो को शेयर करके पैसे कमा सकेंगे। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं....

Image

X का नया Clipping Tool कैसे करेगा काम? Photo- X

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले Twitter) ने कंटेंट क्रिएटर्स और आम यूजर्स के लिए एक नया फीचर लॉन्च किया है। इसकी मदद से यूजर किसी लंबे वीडियो के छोटे-छोटे क्लिप बनाकर अपनी टाइमलाइन पर शेयर कर सकेंगे। खास बात यह है कि इन क्लिप को बनाने वाले यूजर के साथ-साथ ओरिजिनल वीडियो बनाने वाले क्रिएटर को भी कमाई का मौका मिलेगा।

X का यह फीचर उन लोगों के लिए खास हो सकता है, जो लंबे वीडियो से मजेदार, जानकारीपूर्ण या किसी खास मुद्दे से जुड़े छोटे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं। कंपनी ने सोमवार को इस नए Video Clipping Tool की घोषणा की। फिलहाल इसे iOS और Android यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। वेब वर्जन के लिए इसका सपोर्ट बाद में आएगा।

X का नया Clipping Tool कैसे करेगा काम?

अब तक X पर किसी वीडियो का छोटा हिस्सा शेयर करने के लिए उसे डाउनलोड करके अलग से एडिट करना पड़ता था। लेकिन नए फीचर के आने के बाद यूजर सीधे X ऐप के अंदर ही वीडियो की छोटी क्लिप बना सकेंगे। इसके लिए लंबे वीडियो में दिए गए Clip बटन का इस्तेमाल करना होगा। इसके बाद यूजर वीडियो का पसंदीदा हिस्सा चुनकर उसकी 5 से 60 सेकंड तक की क्लिप तैयार कर सकते हैं। इसमें अपने विचार या कमेंट भी जोड़कर सीधे टाइमलाइन पर पोस्ट किया जा सकता है।

हालांकि, इस फीचर के इस्तेमाल के लिए कुछ शर्तें रखी गई हैं। फिलहाल केवल पहले से रिकॉर्ड किए गए कम से कम 2 मिनट लंबे वीडियो की ही क्लिप बनाई जा सकती है। क्लिप की लंबाई 5 से 60 सेकंड के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा, क्लिप ओरिजिनल वीडियो की कुल लंबाई के 30 फीसदी से ज्यादा नहीं हो सकती। अभी लाइवस्ट्रीम के वीडियो को क्लिप करने की सुविधा नहीं है, लेकिन कंपनी इसे जल्द जोड़ने की योजना बना रही है।

ओरिजिनल क्रिएटर को भी मिलेगा पूरा क्रेडिट

X ने इस फीचर में ओरिजिनल वीडियो बनाने वाले क्रिएटर्स के क्रेडिट का भी ध्यान रखा है। किसी वीडियो की क्लिप शेयर करने पर उसके साथ 'Clip from' का लेबल दिखाई देगा। इस पर क्लिक करने से यूजर सीधे ओरिजिनल वीडियो के उसी हिस्से पर पहुंच जाएंगे, जहां से क्लिप बनाई गई है। इससे छोटे वीडियो देखने वाले लोगों को पूरा वीडियो और उसे बनाने वाले क्रिएटर का अकाउंट खोजने में आसानी होगी। यानी किसी दूसरे यूजर की क्लिप वायरल होने पर भी ओरिजिनल क्रिएटर को फायदा मिल सकता है।

दूसरे के वीडियो की क्लिप बनाकर भी होगी कमाई

इस फीचर की सबसे बड़ी खासियत कमाई का मौका है। X के Original Content Rewards प्रोग्राम के तहत क्लिप बनाने वाले यूजर और ओरिजिनल वीडियो क्रिएटर, दोनों पैसे कमा सकेंगे। यानी किसी दूसरे क्रिएटर के लंबे वीडियो से छोटी क्लिप बनाकर शेयर करने वाला यूजर भी कमाई का हकदार बन सकता है।

हालांकि, इसके लिए कुछ शर्तें पूरी करनी होंगी। यूजर के पास X Premium का सब्सक्रिप्शन होना चाहिए। इसके अलावा अकाउंट पर कम से कम 500 वेरिफाइड फॉलोअर्स और पिछले 90 दिनों में 5 लाख वेरिफाइड इम्प्रेशन होने जरूरी हैं।

क्रिएटर चाहें तो बंद कर सकेंगे क्लिप बनाने की सुविधा

फिलहाल X ने ओरिजिनल वीडियो क्रिएटर्स को यह विकल्प नहीं दिया है कि वे अपने वीडियो की क्लिप बनाए जाने पर रोक लगा सकें। हालांकि, कंपनी इस तरह का Opt-out फीचर लाने पर काम कर रही है। एक और अहम बात यह है कि अगर कोई क्रिएटर अपना ओरिजिनल वीडियो डिलीट कर देता है, तो उससे बनाई गई सभी क्लिप भी अपने आप हट जाएंगी।

YouTube और Substack को टक्कर देने की तैयारी

X का नया Clipping Tool प्लेटफॉर्म पर वीडियो कंटेंट और क्रिएटर्स की संख्या बढ़ाने की बड़ी रणनीति का हिस्सा है। कंपनी लगातार YouTube और Substack जैसे प्लेटफॉर्म को टक्कर देने के लिए नए फीचर जोड़ रही है। X ने 2022 में लंबे वीडियो अपलोड करने की सुविधा शुरू की थी। इसके बाद Premium यूजर्स के लिए पोस्ट की पारंपरिक कैरेक्टर लिमिट भी हटा दी गई, जिससे वे लंबे आर्टिकल और ब्लॉग लिख सकते हैं।

इस साल मार्च में कंपनी ने Exclusive Threads फीचर पेश किया, जिसके जरिए क्रिएटर्स अपने कंटेंट को पेवॉल के पीछे रख सकते हैं। जुलाई में लाइवस्ट्रीमिंग स्टूडियो लॉन्च किया गया और लाइव आने वाले क्रिएटर्स को इनाम देने के लिए बड़ा फंड भी रखा गया।

दूसरी तरफ Instagram भी लंबे वीडियो के मामले में YouTube को टक्कर देने की तैयारी कर रहा है। प्लेटफॉर्म फिलहाल Features नाम के नए फॉर्मेट की टेस्टिंग कर रहा है, जिसमें यूजर 90 मिनट तक के हॉरिजॉन्टल वीडियो अपलोड कर सकेंगे।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article