Delhi News: राजधानी दिल्ली में बिना लाइसेंस घर के अंदर दवाओं का अवैध कारोबार (Drug Racket) चलाने का मामला सामने आया है। दिल्ली के ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर मादीपुर गांव में एक मकान पर छापेमारी की। यहां से लगभग 14 लाख रुपये कीमत की संदिग्ध गुणवत्ता वाली दवाएं बरामद की गई हैं। ये दवाएं बिक्री और सप्लाई के लिए रिहायशी परिसर में रखी गई थीं। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
दरअसल, दिल्ली में दवाओं की अवैध बिक्री और बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया था। इस दौरान राजधानी के कई इलाकों में मेडिकल स्टोर और थोक दवा विक्रेताओं की जांच की गई। जांच में बड़ी संख्या में प्रतिष्ठानों पर नियमों का उल्लंघन सामने आया।
दिल्ली के 58 मेडिकल स्टोर और दवा प्रतिष्ठानों की जांच
ड्रग्स कंट्रोल विभाग के मुताबिक, 2 और 4 नवंबर को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में जांच अभियान चलाया गया। 2 नवंबर को कृष्णा नगर, जीटीबी नगर (किंग्सवे कैंप), रोहिणी और दक्षिणी दिल्ली में 41 मेडिकल स्टोर और थोक दवा प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इनमें से 25 जगहों पर नियमों का उल्लंघन पाया गया।
वहीं, 4 नवंबर को एम्स और सफदरजंग अस्पताल के आसपास मौजूद 21 दवा दुकानों की जांच की गई। इनमें से 12 दुकानों पर नियमों की अनदेखी सामने आई। इस तरह दो दिनों में कुल 62 दवा प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें से 37 जगहों पर गड़बड़ियां मिलीं।
बिना फार्मासिस्ट और प्रिस्क्रिप्शन के बेची जा रहीं दवाएं
जांच के दौरान कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। कुछ मेडिकल स्टोर पर रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट के बिना दवाओं की बिक्री की जा रही थी। वहीं, कई प्रतिष्ठानों में दवाओं की खरीद और बिक्री का रिकॉर्ड भी नहीं रखा गया था। इसके अलावा डॉक्टर की पर्ची के बिना दवाएं बेचने के मामले भी सामने आए।
अभियान के दौरान अलग-अलग दवाओं के 110 सैंपल लिए गए हैं। इन्हें गुणवत्ता जांच के लिए भेजा जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
मादीपुर के मकान से 14 लाख की दवाएं जब्त
इस अभियान के तहत 4 और 5 नवंबर को दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर मादीपुर गांव में एक मकान पर छापेमारी की गई। यहां बिना लाइसेंस के रिहायशी परिसर में बड़ी मात्रा में संदिग्ध गुणवत्ता वाली दवाएं रखी गई थीं। इनकी बिक्री और सप्लाई की तैयारी थी।
कार्रवाई के दौरान ड्रग्स इंस्पेक्टर ने दवाओं के सैंपल लिए और पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें - Mother Dairy ने बढ़ाए दूध के दाम, जानें नई कीमतें
एंटीबायोटिक की अवैध बिक्री पर भी विभाग की नजर
ड्रग्स कंट्रोल विभाग के इस अभियान का एक प्रमुख उद्देश्य बिना डॉक्टर की पर्ची के एंटीबायोटिक दवाओं की बिक्री पर रोक लगाना भी है। डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक दवाओं का इस्तेमाल करने से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) का खतरा बढ़ सकता है। इस स्थिति में बैक्टीरिया दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर सकते हैं और संक्रमण का इलाज मुश्किल हो सकता है।
ये भी पढ़ें - इरफान अंसारी ने सोनिया गांधी को बताया 'भगवान रूपी अवतार'
विभाग ने साफ किया है कि राजधानी में दवाओं की अवैध बिक्री रोकने और लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
