CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर समाज को बांटने वाले लोगों से सतर्क रहना होगा। विखंडन करने वाले लोग बांटने में विश्वास करते हैं और बांटने के कारण ही काटने में सफल होते हैं। इसलिए हमें इस बात को ध्यान में रखना होगा कि बटेंगे नहीं तो कटेंगे भी नहीं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए अभी से जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाना होगा और सोशल मीडिया पर नकारात्मक नैरेटिव का तथ्यों के साथ जवाब देना होगा।
सरकार की उपलब्धियों को बूथ तक पहुंचाएं
सीएम योगी ने कहा कि सरकार की उपलब्धियों का बूथ स्तर तक प्रचार जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार के कामकाज और पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की तुलना जनता के सामने रखनी होगी। इसके लिए बैठक में कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराई गई पुस्तिकाओं का अध्ययन कर उन्हें बूथ स्तर तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और विधायकों से प्रत्येक बूथ तक तुलनात्मक जानकारी पहुंचाने की योजना बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि 1.63 लाख सक्रिय बूथों से प्रतिदिन सोशल मीडिया पर विकास की सकारात्मक कहानियां साझा हों। कार्यकर्ता बूथ स्तर पर एसआईआर में छूटे पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए अभियान चलाएं।
सपा पर रामभक्तों पर गोली चलवाने का आरोप
मुख्यमंत्री ने 30 अक्टूबर 1990 की घटना का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "सपा ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं, आज वही लोग अयोध्या के विकास की बात करते हैं।" उन्होंने कहा कि उस समय अयोध्या की गलियां लहूलुहान हुई थीं और सरयू का जल रक्तरंजित हुआ था, लेकिन कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया था कि मंदिर वहीं बनाएंगे।
सीएम ने कहा कि अगर उस समय कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट जाता तो आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव नहीं होता। 22 जनवरी 2024 को करोड़ों सनातनियों ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा देखी। उन्होंने कहा कि पहले अयोध्या में बिजली, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। आज फोरलेन कनेक्टिविटी, डबल रेलवे ट्रैक और महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। अयोध्या के विकास में कांग्रेस और सपा हमेशा बाधा बनी रहीं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- विजय सरकार के खिलाफ एमके स्टालिन का हल्ला बोल, 31 अक्टूबर को राज्यभर में आंदोलन
कांग्रेस-सपा ने गरीबों को वोट बैंक समझा
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में गरीबी, भ्रष्टाचार और पहचान का संकट था। गरीब कांग्रेस के लिए केवल वोट बैंक था। राजीव गांधी खुद कहते थे कि केंद्र से भेजे एक रुपये में से 15 पैसे ही गरीब तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश फ्रेजाइल फाइव से टॉप फाइव अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। गरीबों को आवास, शौचालय, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड, जनधन खाते और मुफ्त राशन मिला है। गरीब भाजपा के लिए चुनावी मुद्दा नहीं, सम्मानजनक जीवन देने का संकल्प है।
त्योहारों को बनाएं सामाजिक सहभागिता का माध्यम
सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि दीपावली पर गरीब और वंचित परिवारों तक दीप और मिठाई पहुंचाएं। त्योहारों को सामाजिक सहभागिता का माध्यम बनाएं और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसकी पहचान उसकी विचारधारा, मूल्य और आदर्श हैं। लालकृष्ण आडवाणी जी कहते थे कि राजनीतिक प्राथमिकताएं बदल सकती हैं, लेकिन पार्टी के मूल्य कभी नहीं बदल सकते।
