UP Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने रविवार को अपने दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान छह नए मंत्रियों को शामिल किया। इसके अलावा, दो राज्य मंत्रियों को पदोन्नत कर स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेदारी सौंपी गई। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 'जन भवन' में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
"राष्ट्रीय नेतृत्व का आभारी हूं"
शपथ ग्रहण के बाद मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा, "हम संगठन के कार्यकर्ता है और पार्टी नेतृत्व, प्रधानमंत्री मोदी हमें जो भूमिका दे देते हैं उसे पूरा करने की जिम्मेदारी हमारी है। मैं अपने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभारी हूं कि मुझे इस रूप में काम करने का अवसर दिया है। मैं नेतृत्व की अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करूंगा। मेरी कोई अपेक्षाएं नहीं है, हम मुख्यमंत्री के आदेश का पालन करेंगे।" उन्होंने आगे कहा, "अखिलेश यादव इतने वरिष्ठ नेता हैं, उनसे इस प्रकार के व्यवहार की अपेक्षा नहीं की जाती। यह संवैधानिक प्रक्रिया है और प्रक्रिया के तहत ही मंत्रिमंडल का गठन होता है। समाजवादी पार्टी समाप्तवादी पार्टी की ओर बढ़ रही है।"
"पार्टी हमें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका हम पालन करेंगे"
शपथ ग्रहण के बाद मंत्री मनोज कुमार पांडे ने इस दौरान कहा, "मैं प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, मुख्यमंत्री और अपनी पार्टी का आभार व्यक्त करूंगा कि उन्होंने मुझे यह जिम्मेदारी दी है। पार्टी हमें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका हम पालन करेंगे। हम पार्टी के कार्यकर्ता है, पार्टी जो दिशा-निर्देश देगी उसपर काम करेंगे।" शनिवार को अखिलेश यादव ने योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार पर तंज कसा था। इस प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, "यह उनका मानसिक असंतुलन है। जब पूरे देश का जनादेश आज भाजपा, राष्ट्र और सनातन के स्तंभ के पक्ष में है तो समाजवादी पार्टी इस तरह के सवाल उठाती है।"
"हम सेवा के भाव से काम करेंगे"
वहीं, मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा, "हम सेवा के भाव से काम करेंगे, उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए अच्छे से अच्छा काम करेंगे।" इसी क्रम में मंत्री सुरेंद्र दिलेर ने कहा, "मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है उसका मैं अच्छे से निर्वहन करने का पूरा प्रयास करूंगा।" मंत्री कृष्णा पासवान ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष का मैं धन्यवाद करती हूं। मुख्यमंत्री और संगठन के लोग मुझे जो भी दायित्व देंगे उसका मैं निर्वहन करूंगी।"
इन नेताओं ली आज शपथ
बता दें कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल विस्तार के तहत रविवार को कई नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडे ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। वहीं अजीत पाल और सोमेन्द्र तोमर को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। इससे पहले दोनों योगी सरकार में राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत थे और अब उन्हें प्रमोशन दिया गया है। इसके अलावा कृष्णा पासवान, कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सभी मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह के बाद योगी मंत्रिमंडल में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है।
