शहर

'जो कल तक श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वही आज आस्था पर ज्ञान दे रहे हैं', सहारनपुर में विपक्ष पर गरजे सीएम योगी

CM Yogi in Saharanpur: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर दौरे के दौरान विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी राम मंदिर आंदोलन और काशी-मथुरा का विरोध करते थे, वे आज हिंदुओं की आस्था की बात कर गुमराह कर रहे हैं।

Image

सीएम योगी का सपा-कांग्रेस पर तीखा निशाना

Photo : ANI

CM Yogi in Saharanpur: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सहारनपुर में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने जनता को जातिवाद की राजनीति से दूर रहने की सलाह दी। सीएम योगी ने 613 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक तीर चलाए।

मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए विपक्ष को घेरते हुए कहा कि जो लोग कभी काशी विश्वनाथ धाम, मथुरा-वृंदावन और राम जन्मभूमि आंदोलन का विरोध करते थे, यहां तक कि जिन्होंने भगवान राम के अस्तित्व पर ही सवाल उठाए थे, वे आज हिंदुओं की आस्था की दुहाई दे रहे हैं। राम मंदिर के चंदों को लेकर खड़े किए जा रहे विवादों की तरफ इशारा करते हुए सीएम योगी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि सनातन आस्था से खिलवाड़ करने वाले दोषियों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, "हम किसी को भी हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं देंगे।"

सीएम ने पहले की सरकारों पर तुष्टिकरण का लगाया आरोप

सपा पर दलितों और पिछड़ों के महापुरुषों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सत्ता में रहने के बावजूद इन पार्टियों ने महर्षि वाल्मीकि और संत रविदास जी के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस के समय सिर्फ गांधी-नेहरू परिवार और सपा के राज में सिर्फ सैफई परिवार के इर्द-गिर्द विकास घूमता था। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने संत रविदास जी की जन्मस्थली का भव्य कॉरिडोर बनाया और उनके नाम को सम्मान दिया।

कानून-व्यवस्था और विकास पर दिया जोर-मुख्यमंत्री

साल 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ और अलीगढ़ जैसे जिले दंगों और कर्फ्यू से जूझते थे। कैराना से लोग पलायन कर रहे थे, लेकिन आज यूपी में दंगे पूरी तरह बंद हो चुके हैं। विकास के मोर्चे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सहारनपुर को जल्द ही अपना नया एयरपोर्ट मिलने जा रहा है। इसके अलावा, 'एक जिला एक उत्पाद' (ODOP) योजना के तहत यहां का लकड़ी पर नक्काशी का कारोबार 600 करोड़ के एक्सपोर्ट को पार कर चुका है।

'ऑपरेशन कायाकल्प'

मुख्यमंत्री ने 'स्कूल चलो अभियान' पर जोर देते हुए कहा कि सरकार ऐसी पीढ़ी तैयार नहीं करना चाहती जो देश को गलत दिशा में ले जाए। उन्होंने बताया कि 'ऑपरेशन कायाकल्प' के जरिए यूपी के 96 फीसदी से ज्यादा सरकारी स्कूलों को आधुनिक और स्मार्ट बनाया जा चुका है, जिसके चलते पिछले 9 सालों में सरकारी स्कूलों में 60 लाख से ज्यादा नए बच्चों का दाखिला हुआ है। सीएम योगी ने शिक्षकों और समाज से अपील की कि वे हर बच्चे को स्कूल भेजने के इस अभियान को एक जन-आंदोलन बनाएं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article