शहर

'PDA की परिभाषा बदली, पहले पिछड़ा अब पंडित, एक दिन पाकिस्तान कर देंगे'; CM योगी का अखिलेश यादव पर तीखा तंज

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री 'बाबूजी' कल्याण सिंह की पुण्यतिथि और 'हिंदू गौरव दिवस' के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला। सीएम योगी ने सपा की 'पीडीए' की परिभाषा को गिरगिट की तरह रंग बदलने वाला बताया।

Image

अखिलेश यादव के PDA पर भड़के सीएम योगी (Photo: X/@myogiadityanath)

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल और 'पद्म विभूषण' से सम्मानित स्वर्गीय 'बाबूजी' कल्याण सिंह की पुण्यतिथि को राज्य में 'हिंदू गौरव दिवस' के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। लखनऊ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वर्गीय कल्याण सिंह की स्मृतियों को नमन किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। इस दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला।

सपा के 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर चुटकी लेते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह पार्टी गिरगिट की तरह रंग बदलने में माहिर है। उन्होंने कहा, "पहले इनके लिए 'P' का मतलब पिछड़ा था, फिर इन्होंने इसे 'पंडित' कर दिया। जिस तरह से ये बयान बदलते हैं, किसी दिन ये 'P' की परिभाषा 'पाकिस्तान' भी कर देंगे। इन पर कोई भरोसा नहीं किया जा सकता।" सीएम योगी ने सपा नेताओं की तुलना ऐसे पक्षियों से की जो जिस पेड़ पर बैठते हैं, उसे ही सुखा देते हैं।

सीएम ने मायावती तारीफ की तो अखिलेश पर कसा तंज

श्रद्धांजलि न देने पर अखिलेश यादव को घेरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने सामान्य शिष्टाचार का परिचय देते हुए बाबूजी को श्रद्धांजलि दी, लेकिन सपा प्रमुख ने न तो प्रत्यक्ष आकर और न ही शब्दों के माध्यम से कोई सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।

पूर्व सीएम कल्याण सिंह के योगदान को किया याद

कल्याण सिंह के योगदान को याद करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बाबूजी किसी दबाव में झुकने वाले नेता नहीं थे। उन्होंने जीवन भर अपने इस संकल्प को निभाया कि 'कल्याण सिंह टूट सकता है, लेकिन झुक नहीं सकता।' उन्होंने अयोध्या में प्रभु श्री राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त करने के लिए अपनी सत्ता तक का त्याग कर दिया था। सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बाबूजी के सपनों को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article