चण्डीगढ़

फौजा सिंह को टक्कर मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, टूटी हेडलाइट से मिला सबूत, फॉर्च्यूनर कार भी बरामद

मैराथन धावक फौजा सिंह को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार भी बरामद कर ली है। CCTV फुटेज और हेडलाइट के टुकड़े जांच में अहम सुराग साबित हुए, जिनकी मदद से आरोपी तक पहुंचा गया।

Image

टक्कर मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, कार भी हुई बरामद (फाइल फोटो | wikipedia)

Adampur News: 114 साल के मैराथन धावक फौजा सिंह को टक्कर मारने के मामले में पुलिस को कामयाबी मिली है। थाना आदमपुर पुलिस ने इस मामले में 26 वर्षीय आरोपी अमृतपाल सिंह ढिल्लों को गिरफ्तार कर लिया है। वह पंजाब के करतारपुर के दासूपुर गांव का निवासी है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार भी बरामद कर ली है। हादसे के बाद से आरोपी फरार था, लेकिन पुलिस ने CCTV फुटेज और घटनास्थल पर मिले कार की हेडलाइट के टुकड़ों के आधार पर सघन जांच करते हुए आरोपी को दबोच लिया।

आरोपी ने कबूल किया जुर्म

पुलिस पूछताछ में अमृतपाल सिंह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि हादसे के समय वह अकेला था और भोगपुर से किशनगढ़ की ओर जा रहा था। लापरवाही और तेज रफ्तार की वजह से यह दुर्घटना हुई। इस पूरे मामले में थाना आदमपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना जिससे जान को खतरा हो) और धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

समचार एजेंसी PTI के मुताबिक, सोमवार दोपहर तीन बजे के आसपास धावक फौजा सिंह जब अपने मकान के पास टहल रहे थे, कार ने उन्हें टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद सिंह 5-7 फीट उछल कर गिरे। सोमवार शाम को ही अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी थी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!