शहर

दिल्ली में प्रदर्शन और छात्रों की गिरफ्तारी पर अखिलेश का तीखा हमला, बोले- 'EC बीजेपी के लिए कर रहा काम'

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली प्रदर्शन में गिरफ्तार छात्रों और युवाओं को रिहा करने की मांग की। उन्होंने चुनाव आयोग पर बीजेपी के पक्ष में काम करने और मतदाताओं के नाम काटने के आरोप लगाए।

Image

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

Photo : PTI

दिल्ली में हाल ही में हुए प्रदर्शन और छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार से गिरफ्तार किए गए सभी छात्रों और युवाओं को तुरंत रिहा करने की मांग की है। अखिलेश ने कहा कि इलेक्शन कमीशन को खुद ही अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग भारतीय जनता पार्टी के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा, “कौन नहीं जानता कि इलेक्शन कमीशन बेईमान है? कौन नहीं जानता कि इलेक्शन कमीशन झूठ बोलता है? कौन नहीं जानता कि इलेक्शन कमीशन बीजेपी के लिए काम कर रहा है?” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी को अपना कार्यालय सीधे चुनाव आयोग के दफ्तर में ही खोल लेना चाहिए और वहीं से पार्टी चलानी चाहिए।

यूपी में फॉर्म-7 पर कार्रवाई को लेकर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में कथित तौर पर गलत फॉर्म-7 भरे जाने के मामलों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या ऐसे मामलों में कोई कार्रवाई हुई है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का काम वोटरों के नाम जोड़ना है, लेकिन आरोप है कि यहां आयोग वोट काटने का काम कर रहा है।

प्रदर्शनकारियों के साथ व्यवहार पर जताई नाराजगी

दिल्ली में प्रदर्शन और छात्रों के साथ कथित बर्बरता पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि ऐसा व्यवहार करने वाले लोग हिटलर से सीखकर आए हैं। उन्होंने कहा कि हिटलर के सैनिक भी दूसरे राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ इसी तरह का व्यवहार करते थे। अखिलेश ने बेटियों के साथ गलत व्यवहार किए जाने का आरोप भी लगाया और कहा कि इस मामले में शामिल बताए जा रहे लोग उत्तर प्रदेश के हैं। उन्होंने कहा कि सुनने में आ रहा है कि वे लोग गाजियाबाद के रहने वाले हैं। उन्होंने गिरफ्तार छात्रों और युवाओं को रिहा करने की अपील करते हुए कहा कि जो सरकार कमजोर होती है और जिसे सत्ता जाने का डर होता है, वह अन्याय करती है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि साल 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता बीजेपी को रोकेगी। उन्होंने चुनाव आयोग से इस्तीफे की मांग दोहराते हुए गिरफ्तार छात्रों की रिहाई की अपील की।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article