Chandigarh: मोहाली के सेक्टर-91 क्षेत्र में सुसाइड का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां की एक सोसायटी में रहने वाली एक महिला डॉक्टर ने पांचवीं मंजिल पर स्थित अपने फ्लैट से कूदकर आत्महत्या कर ली। 63 वर्षीय मृतक की पहचान डॉ. रविंदर कौर के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि, मृतका अविवाहित थी और यहां पर अकेले रहती थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची सोहाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने सुसाइड के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में पुछताछ के दौरान सोसायटी के लोगों ने पुलिस को कई अहम जानकारियां दी है। सोहना पुलिस ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि, मृतक महिला डॉक्टर यहां पर कई सालों से अकेली ही रहती थीं। वह पांच साल पहले ही शहर के एक सरकारी अस्पताल से सेवानिवृत्त हुई थीं। पड़ोसियों से पता चला है कि, वह किसी से ज्यादा बात नहीं करती थीं। ज्यादातर समय घर में ही रहती थी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ही घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे फेज-6 के सिविल अस्पताल पहुंचाया।
पड़ोसियों ने बताई सुसाइड की वजह
सोहाना पुलिस थाना प्रभारी गुरचरण सिंह द्वारा पूरे मामले की विस्तार से जांच की जा रही है। अभी तक की जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। पड़ोसियों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है। जिसमें पता चला है कि, महिला डॉक्टर ज्यादातर समय घर में ही रहती थी। वह पिछले कुछ दिन से मानसिक तनाव में लग रही थी। मृतका के फ्लैट की जांच करने पर अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घर के अंदर से कुछ दवाइयां और दवा की पर्ची मिली है, जिसकी जांच कराई जा रही है। मृतक महिला डॉक्टर के परिवार में भी यहां कोई नहीं है। महिला का एक भाई है, जो विदेश में रहता था। उसको घटना की जानकारी दे दी गई है, उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, इस मामले की हत्या के एंगल से भी जांच की जा रही है।
