शहर

Raisen Video : कार से मारी टक्कर, दोबारा पीछा करके कुचला; HEG कर्मचारी की मौत का CCTV आया सामने

छत्तीसगढ़ के रायसेन में एक कार चालक ने सड़क पर जा रहे HEG कंपनी के कर्मचारी को पहले कार से टक्कर मारी, जिससे कर्मचारी 5 फीट ऊपर उछलकर रोड पर गिरा। इसके बाद फिर कार से पीछा कर दोबारा आरोपी ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

Image

रायसेन कार एक्सीडेंट

रायसेन : जिले के मंडीदीप सतलापुर थाना क्षेत्र में एक दिल झकझोर देने वाला सड़क हादसे से जुड़ा वीडियो सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, शिव मल्टी केयर हॉस्पिटल के ठीक सामने एक कार चालक ने सड़क पर जा रहे HEG कंपनी के कर्मचारी को कार से जोरदार टक्कर मारी, जिससे कर्मचारी 5 फीट उछलकर रोड पर जा गिरा। बाद में फिर कार बैक करते हुए दोबारा कुचल दिया और मौके से भाग निकला। हादसे में कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान कृष्ण पाल के रूप में हुई है, जो HEG कंपनी में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि युवक सड़क पर गिर पड़ा, लेकिन कार चालक यहीं नहीं रुका। उसने कार मोड़कर दोबारा युवक को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि सड़क के दाईं ओर एक ट्रक जा रहा है। इसी बीच अचानक एक कार आती है और सड़क पर जा रहे शख्स को जोरदार टक्कर मार देती है, जिससे वो बीच सड़क पर जा गिरता है। गनीमत रही कि कार चालक ने ब्रेक मार दी, वरना गाड़ी ट्रक में जा घुसती। वहीं, आरोपी ने शख्स को उठाने के बजाय कार लेकर भाग निकला।

घटना की सूचना मिलते ही सतलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। आसपास मौजूद लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया। सतलापुर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी कार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी मंडीदीप का ही निवासी है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article