शहर

Video: देहरादून में आसमानी आफत के बीच खौफनाक मंजर, उफनते नाले में फंसी कार; स्थानीय लोग बने मसीहा

उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच देहरादून के विकासनगर क्षेत्र से एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। कालसी के जोहड़ी इलाके में अचानक उफने नाले ने सड़क पर पानी और मलबा ला दिया, जिससे यातायात ठप हो गया। इसी दौरान तेज धारा में एक कार फंस गई, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Dehradun News: उत्तराखंड के देहरादून जिले में लगातार जारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है। विकासनगर क्षेत्र के कालसी स्थित जोहड़ी इलाके में भारी बारिश के बाद एक मौसमी नाला अचानक उफान पर आ गया। पानी के तेज बहाव के साथ बड़ी मात्रा में मलबा भी सड़क पर पहुंच गया, जिसके चलते यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी समय तक रास्ता खुलने का इंतजार करना पड़ा।

जैसे-तैसे बची जान

इसी दौरान एक कार चालक ने स्थिति की गंभीरता को नजरअंदाज करते हुए तेज बहाव वाले नाले को पार करने का प्रयास किया। कार जैसे ही नाले के बीच पहुंची, अचानक पानी का दबाव बढ़ गया और वाहन अपना संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते कार तेज धारा के बीच फंस गई। कुछ देर के लिए मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया और चालक की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार पानी के तेज बहाव में बहने से बच गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद के लिए आगे आते हुए चालक को सुरक्षित वाहन से बाहर निकाल लिया। उनकी तत्परता और सूझबूझ के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

मौसमी नाला ले लेता है खतरनाक रूप

घटना के बाद भी मार्ग पर काफी देर तक आवाजाही प्रभावित रही। लोग जलस्तर कम होने और बारिश की रफ्तार धीमी पड़ने का इंतजार करते नजर आए। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, बरसात के मौसम में यह मौसमी नाला कई बार अचानक खतरनाक रूप ले लेता है। इसके बावजूद कुछ वाहन चालक जोखिम उठाकर पानी पार करने की कोशिश करते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था की जाए। प्रशासन भी लोगों से अपील कर रहा है कि भारी बारिश के दौरान उफनते नालों और जलभराव वाले रास्तों को पार करने का जोखिम न लें।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article