Delhi News: राजधानी दिल्ली के रोहिणी जिले में संगठित अपराध, अवैध हथियारों और स्ट्रीट क्राइम पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने एक बड़ा विशेष अभियान 'ऑपरेशन शस्त्र' चलाया। 17 से 20 सितंबर तक चलाए गए इस 4 दिवसीय सघन चेकिंग और छापेमारी अभियान के तहत रोहिणी जिला पुलिस ने 4 हिस्ट्रीशीटर समेत कुल 74 अपराधियों को दबोच लिया। इनमें से कुछ आरोपी विदेशों में बैठकर गिरोह चलाने वाले गैंगस्टरों से जुड़े बताए जा रहे हैं। यह पूरी कार्रवाई रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल के नेतृत्व और वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में अंजाम दी गई।
इटैलियन बेरेटा पिस्टल और 20 अवैध हथियार जब्त
ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए रोहिणी जिले की 16 टीमों में करीब 300 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। इस दौरान पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में गश्त, सघन जांच और जमानत पर छूटे अपराधियों व घोषित अपराधियों का सत्यापन किया। आर्म्स एक्ट में 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और कानून का उल्लंघन करने वाले 2 नाबालिगों को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 20 अवैध हथियार, जिसमें 17 देशी कट्टे और 3 अत्याधुनिक पिस्टल), 31 जिंदा कारतूस और 2 खाली कारतूस जब्त किए। बरामद हथियारों में इटली निर्मित बेहद आधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक बेरेटा पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस भी शामिल हैं, जो स्थानीय गिरोहों तक विदेशी नेटवर्क के जरिए पहुंची थी। पुलिस ने 6 बटनदार चाकू, एक कार, एक बोलेरो मैक्स, एक स्कूटी, लॉक कटर, लोहे की रॉड और रस्सियां भी जब्त की हैं।
मिला हेरोइन, कोकीन और नशीली गोलियों का जखीरा
नशे के काले कारोबार पर प्रहार करते हुए एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत 5 बड़े तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 801 ग्राम हेरोइन, 104 ग्राम मॉर्फिन, 17 ग्राम कोकीन और बुप्रिनॉर्फिन व नालोक्सोन की 30 नशीली गोलियां जब्त कीं। कोकीन का मुख्य सोर्स सप्लायर अनिल उर्फ भोला पकड़ा गया, जो पहले से एनडीपीएस केस में भगोड़ा (PO) घोषित था। ड्रग्स केस में पुलिस ने 3,00,600 रुपये नगद, 2 कारें, एक स्कूटी और मोबाइल फोन भी बरामद किए।
मैट्रीमोनी फ्रॉड कॉल सेंटर का भंडाफोड़ और नकली सिगरेट जब्त
'ऑपरेशन शस्त्र' के तहत पुलिस ने अपराध के अन्य सिंडिकेट्स का भी पर्दाफाश किया। एक अलग कार्रवाई में पुलिस ने 1.20 लाख नकली सिगरेट बरामद की। मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया गया। आबकारी अधिनियम में 10 मामले दर्ज कर 10 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, गैंबलिंग एक्ट के तहत 11 मामलों में 27 जुआरियों को पकड़कर 1,75,650 रुपये की दांव राशि जब्त की गई। अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किए गए 6 प्रोक्लेमड ऑफेंडर्स (PO) को भी सलाखों के पीछे भेजा गया।
