शहर

'पापा मुझे बचा लो'...पिता के सामने बच्ची को उठा ले गया कैब ड्राइवर; दुष्कर्म के बाद हत्या कर जंगल में फेंका

दिल्ली में सोमवार की रात फुटपाथ पर सो रही बच्ची को कैब ड्राइवर अगवा कर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देकर दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया।

Image

सांकेतिक फोटो-(Istock)

'पापा मुझे बचा लो' - ये एक 10 साल की बच्ची के आखिरी शब्द थे, जिसे दक्षिण दिल्ली में फुटपाथ पर सोते समय किडनैप कर लिया गया था। बच्ची की चीख सुनकर उसके पिता कार के पीछे दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी बच्ची को लेकर भाग निलता था। जब तक कोई एक्शन हो पाता आरोपी कार चालक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

मां-बाप के सामने बेटी को उठा ले गया कैब ड्राइवर

घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। दरअसल, एक 10 साल की बच्ची अपने माता-पिता और तीन भाई-बहनों के साथ दक्षिण दिल्ली के एक फुटपाथ पर सो रही थी, तभी एक कैब चालक ने वहां गाड़ी रोकी। पुलिस के मुताबिक, ऐप-आधारित कैब चलाने वाला बबलू नशे की हालत में था और सवारी मिलने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर सो रही बच्ची पर पड़ी और वो उसे कैब में उठाकर ले जाने लगा। इससे पहले बच्ची कुछ समझ पाती उसने तेजी चीखना शुरू कर दिया। बेटी की आवाज सुन पिता की नींद खुल गई और वे वाहन के पीछे दौड़े, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से गाड़ी लेकर भाग गया। आनन-फानन में पिता ने पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) को फोन किया, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने और वाहन की आवाजाही पर नजर रखने के लिए चार घंटे लंबा तलाशी अभियान शुरू हुआ।

सीसीटीवी की मदद से पकड़ा गया आरोपी

सीसीटीवी फुटेज में वाहन दिखाई दे रहा था, लेकिन उसका नंबर प्लेट स्पष्ट नजर नहीं आ रही थी। फुटेज से पता चला कि वाहन लगभग एक घंटे तक घटनास्थल पर खड़ा रहा था। सफेद रंग की गाड़ी सुबह करीब 4 बजे पहुंची और करीब एक घंटे बाद सुबह 5 बजे बच्ची का अपहरण कर लिया। पुलिस ने राइड-हेलिंग कंपनियों से उस विशेष क्षेत्र के लिए ट्रिप की डिटेल मांगी। इस बीच, पुलिस ने रास्ते के अन्य सीसीटीवी कैमरों की जांच की और वाहन की पहचान कर ली। जीपीएस और आरोपी के मोबाइल लोकेशन का उपयोग करते हुए पुलिस ने कार को पश्चिम दिल्ली के विकासपुरी इलाके में ट्रेस कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी बबलू ने बच्ची की हत्या करने की बात कबूल कर ली। बबलू ने खुलासा किया कि बच्ची के अपहरण के बाद वह उसे लगभग 20 किलोमीटर दूर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर ले गया। फिर उसने वाहन को एक सुनसान जगह पर खड़ा किया, बच्ची को जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया।

आरोपी बिहार का रहने वाला है। बच्ची की हत्या करने के बाद, उसने गुरुग्राम से पश्चिम दिल्ली के विकासपुरी तक के लिए एक सवारी उठाई, जहां से उसे सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पुलिस सूत्रों ने बताया, "उसने अपराध के बाद एक सवारी को उठाया और छोड़ा भी। पुलिस के अनुसार, आरोपी, जिस पर बिहार में मारपीट और लड़ाई-झगड़े के पांच मामले पहले से दर्ज हैं, को चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पत्नी और बच्चे बिहार में रहते हैं।

एनकाउंटर में आरोपी घायल

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को जब पुलिस बबलू को घटना स्थल ले जा रही थी तो उसने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस अब ऐप-आधारित टैक्सी सेवा प्रदाताओं को नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को नौकरी पर कैसे रखा गया?

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article