BJP Lucknow Meeting: उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुए कैबिनेट विस्तार के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने संगठन को और मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी को लेकर 12 मई को लखनऊ में बीजेपी की एक बड़ी बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक को 2027 के विधानसभा चुनाव (UP Assembly Elections 2027) की तैयारी के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। बैठक लखनऊ स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में होगी। इसमें उत्तर प्रदेश के 98 संगठनात्मक जिलों के जिलाध्यक्षों को बुलाया गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता इन जिलाध्यक्षों के साथ संगठन की स्थिति, चुनावी रणनीति और आने वाले समय की तैयारियों पर चर्चा करेंगे।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कार्यक्रम का बनेंगे हिस्सा
इस बैठक में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह (Dharampal Singh) मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। दोनों नेता जिलाध्यक्षों से सीधे बातचीत करेंगे और उन्हें संगठन को मजबूत करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश देंगे। सूत्रों के मुताबिक बैठक का मुख्य फोकस 2027 के विधानसभा चुनाव होंगे। पार्टी चाहती है कि अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाए ताकि चुनाव के समय कार्यकर्ताओं की पूरी टीम सक्रिय रहे। बैठक में जिलाध्यक्षों को चुनाव जीतने का मंत्र भी दिया जाएगा।
अपने-अपने क्षेत्रों की रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को देंगे जिलाधिकारी
इसके अलावा यह भी बताया जाएगा कि जनता के बीच पार्टी की पहुंच कैसे बढ़ाई जाए और सरकार की योजनाओं को लोगों तक कैसे पहुंचाया जाए।बताया जा रहा है कि बैठक में हर जिले की राजनीतिक स्थिति पर भी चर्चा होगी। जिलाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों की रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को देंगे। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि किन इलाकों में संगठन को और मजबूत करने की जरूरत है। बीजेपी आने वाले चुनावों को देखते हुए लगातार संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ा रही है। पार्टी का मानना है कि मजबूत संगठन ही चुनावी जीत की सबसे बड़ी ताकत होता है। यही वजह है कि अब सरकार के साथ-साथ संगठन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
