शहर

'ईश्वर जैसे थे हमारे साधू भैया', बड़े भाई के निधन से BJP सांसद मनोज तिवारी पर टूटा दुखों का पहाड़

Manoj Tiwari Brother Passed Away: भाजपा सांसद और गायक मनोज तिवारी के सबसे बड़े भाई साधू शरण तिवारी का दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे ओएनजीसी में जीएम पद से सेवानिवृत्त हुए थे। मनोज तिवारी ने उन्हें अपना गुरु और प्रेरणा स्रोत बताया। उनका अंतिम संस्कार रविवार को वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया जाएगा।

Image

मनोज तिवारी पर टूटा दुखों का पहाड़ (फोटो: X/@ManojTiwariMP)

Manoj Tiwari Brother Passed Away: भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद और प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके सबसे बड़े भाई साधू शरण तिवारी (Sadhu Sharan Tiwari Passed Away) का शनिवार दोपहर करीब 1:15 बजे दिल्ली के एम्स (AIIMS) अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें गंभीर स्थिति में इलाज के लिए दिल्ली लाया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। इस दुखद खबर की जानकारी खुद मनोज तिवारी ने एक बेहद भावुक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की है।

साधू शरण तिवारी अपने चार भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे और परिवार में अभिभावक की भूमिका निभा रहे थे। उन्होंने बीएचयू (BHU) से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) में अपनी सेवाएं दीं। वे असम के नाजीरा-शिवसागर, कोलकाता और मुंबई जैसे शहरों में तैनात रहे और अंततः जनरल मैनेजर (GM) के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद से वे धार्मिक नगरी काशी (वाराणसी) में ही निवास कर रहे थे।

सिर्फ भाई नहीं, ईश्वर समान-मनोज तिवारी

मनोज तिवारी ने अपने भाई को याद करते हुए लिखा कि वे उनके लिए सिर्फ बड़े भाई नहीं, बल्कि ईश्वर समान थे। उन्होंने बताया कि उनके संगीत करियर को दिशा देने, गायन में प्रेरित करने और सफलता की सीढ़ियों तक पहुंचाने में साधू भैया का सबसे बड़ा योगदान था। वे जब भी मिलते थे, कुछ न कुछ सीख और मार्गदर्शन जरूर देते थे।

काशी में होगा अंतिम संस्कार

सांसद ने अपनी आखिरी मुलाकात का जिक्र करते हुए लिखा कि अंतिम बार मिलने पर भाई ने उन्हें एक कविता सुनाई थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी मुलाकात साबित होगी। साधू शरण तिवारी के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए काशी ले जाया जा रहा है, जहां रविवार दोपहर 12 बजे प्रसिद्ध मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article