शहर

Cyclone Akvan Update: सब कुछ उड़ाने पर आमादा अकवान, 110 KMPH की हवाओं के साथ आंध्र तट पर देगा दस्तक

Cyclone Akvan Update (चक्रवाती तूफान अकवान): बंगाल की खाड़ी में उठा नया चक्रवाती तूफान अकवान अब गंभीर तूफान में बदल गया है। इसके शुक्रवार 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है।

Image

चक्रवाती तूफान अकवान आंध्र तट की ओर बढ़ा

Cyclone Akvan Update (चक्रवाती तूफान अकवान): बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अकवान (Cyclone Akvan) लगातार ताकतवर होता जा रहा है। आज यानी बुधवार यानी 18 नवंबर को यह गंभीर चक्रवाती तूफान (Severe Cyclonic Storm) में बदल गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसकी अधिकतम निरंतर हवाओं की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई है, जबकि झोंकों की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा तेलंगाना व तमिलनाडु में भी तूफान के असर से बारिश होने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में अगले कुछ दिन दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों के लिए मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं।

कहां तक पहुंचा चक्रवाती तूफान अकवान?

IMD के आज सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस संबंध में एक पोस्ट किया। बुधवार सुबह 9.07 बजे के पोस्ट के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अकवान दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों में मौजूद था। उस समय इसका केंद्र 12.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.5 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास था।

पिछले छह घंटों के दौरान तूफान सिर्फ 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। यह चेन्नई से करीब 580 किलोमीटर पूर्व, विशाखापत्तनम से 610 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और मछलीपट्टनम से लगभग 610 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था।

आंध्र प्रदेश के तट से कब टकराएगा अकवान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अकवान लगातार उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके शुक्रवार 20 नवंबर 2026 को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम के तटों पर नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच दस्तक देने की संभावना है। तट से टकराते समय यह गंभीर चक्रवाती तूफान बना रह सकता है। उस दौरान हवाओं की अधिकतम निरंतर रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तटीय इलाकों में तेज हवाओं और बारिश के कारण हालात प्रभावित होने की आशंका है।

आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में बारिश का अलर्ट

चक्रवाती तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मौसम बिगड़ने की आशंका है। ओडिशा के दक्षिणी तटीय हिस्सों और तेलंगाना में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। तमिलनाडु में भी चक्रवात का असर पड़ने का अनुमान है।

उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, पहाड़ों पर बर्फबारी

एक तरफ दक्षिण भारत में चक्रवाती तूफान का खतरा है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आई है। गंगोत्री में तापमान माइनस 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

राजस्थान के कई शहरों में कल यानी मंगलवार 17 नवंबर को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में सुबह के समय कोहरा छाने लगा है। वहीं, कश्मीर में भी इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article