Ahmedabad News: गुजरात के अहमदाबाद स्थित वस्त्रापुर इलाके में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुरानी ब्याजखोरी की शिकायत वापस न लेने पर कथित 'घोड़ा गैंग' के बदमाशों ने एक कारोबारी का अपकरण कर लिया। बदमाशों ने उसके साथ मारपीट भी की और फिर ऑफिस में तोड़फोड़ कर नगदी लूट ली। पुलिस ने मामले में संजय देसाई, विशाल देसाई, रवि देसाई और साहिल देसाई के खिलाफ FIR दर्ज की है। ACP के मुताबिक, मुख्य आरोपी संजय देसाई चार दिन पहले ही एक अन्य मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।
पुरानी शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप
पीड़ित कारोबारी सौरभ गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 नवंबर की रात वह अपने ड्राइवर के साथ कार से वस्त्रापुर स्थित ऑफिस जा रहे थे। वस्त्रापुर तालाब के पास बिना नंबर प्लेट वाले सफेद एक्टिवा पर आए संजय देसाई और विशाल देसाई ने उनकी कार रुकवाई। आरोपियों ने उन्हें जबरन स्कूटी पर बैठा लिया और पुरानी शिकायत वापस लेने का दबाव बनाते हुए मारपीट की। इस दौरान उनके माथे व हाथ की उंगलियों में चोट आई और मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर वहां से निकला।
कर्मचारी से लिए 1.01 लाख रुपये
इसके बाद आरोपियों का हौसला इतना बढ़ गया कि संजय देसाई, रवि देसाई, विशाल देसाई और साहिल देसाई ने सौरभ गुप्ता के इंद्रप्रस्थ टावर स्थित ऑफिस पर धावा बोल दिया। आरोप है कि बदमाशों ने लाठियों से ऑफिस में जमकर तोड़फोड़ की और वहां मौजूद कर्मचारी हितेश माली को डराकर 1 लाख 1 हजार 600 रुपये ले लिए। तोड़फोड़ के दौरान ऑफिस के LED बोर्ड, AC, LCD स्क्रीन, RO प्लांट और CCTV उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
चार पुलिस टीमें जांच में जुटीं
ACP एवी परमार के मुताबिक, आरोपियों का संबंध 'घोड़ा गैंग' से बताया जा रहा है। गैंग के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से ही 24 गंभीर अपराध दर्ज है। पुलिस ने जांच के लिए चार टीमें बनाई हैं। आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाली जाएगी और संभावित सहयोगियों की भूमिका भी जांची जाएगी। पुलिस के अनुसार, संजय देसाई के खिलाफ 2025 में वासणा थाने में भी एक FIR दर्ज हुई थी। मामले की जांच जारी है।
