Bihar Assembly Monsoon Session: बिहार में आगामी मानसून सत्र को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई, जिसमें आगामी विधानसभा सत्र और राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालातों पर विस्तृत चर्चा की गई। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस बैठक की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा, "आज बिहार के माननीय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से एक आत्मीय मुलाकात हुई।"
वहीं, बिहार भाजपा की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि इस अनौपचारिक बैठक के दौरान कई समसामयिक मुद्दों पर बातचीत हुई। नीतीश कुमार (Samrat Choudhary and Nitish Kumar Meeting) का लंबा राजनीतिक अनुभव और उनका मार्गदर्शन हमेशा सरकार के लिए प्रेरणा का स्रोत रहता है। गौरतलब है कि पिछले अप्रैल में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने के बाद, यह बिहार विधानसभा का पहला पूर्ण सत्र होने जा रहा है। इससे पहले अप्रैल में सम्राट चौधरी ने एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान फ्लोर टेस्ट का सामना किया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पहली ही बारिश में खुली विकास की पोल, उद्घाटन के दो महीने बाद धंसा गंगा एक्सप्रेसवे का लिंक रोड
23 जुलाई को विनियोग विधेयक पर चर्चा और मतदान
तय कार्यक्रम के मुताबिक, यह मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा। सत्र के पहले दिन राज्यपाल द्वारा जारी अध्यादेशों की प्रतियां पटल पर रखी जाएंगी और वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए व्यय का पहला अनुपूरक विवरण पेश किया जाएगा। इसके बाद 21 और 22 जुलाई को सरकारी विधेयक पेश किए जाएंगे, जबकि 23 जुलाई को विनियोग विधेयक पर चर्चा और मतदान होगा। हालांकि, इस बार सरकार के लिए सत्र का सामना करना इतना आसान नहीं होने वाला है।
विपक्ष भरत तिवारी मामले पर सरकार को घेरने की करेगा कोशिश
विपक्ष ने हाल ही में हुए भरत भूषण तिवारी पुलिस एनकाउंटर मामले (Bharat Tiwari Encounter) को लेकर एनडीए सरकार को चौतरफा घेरने की रणनीति बनाई है। इस एनकाउंटर को लेकर एक फेसबुक लाइव वीडियो सामने आने के बाद भारी विवाद खड़ा हो गया है, जिसमें कथित तौर पर तिवारी को गोली लगने से ठीक पहले अपनी पिस्तौल पुलिस की तरफ फेंकते हुए देखा गया था। तिवारी के परिवार की शिकायत के बाद बिहार पुलिस ने जगदीशपुर के डीएसपी और शाहपुर के एसएचओ समेत कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस संवेदनशील मुद्दे पर सदन में भारी हंगामे के आसार जताए जा रहे हैं।
